मोहन यादव ने 536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का किया लोकार्पण, सीहोर के 76 गांवों को मिलेगा लाभ
28 नवंबर 2026, भोपाल: मोहन यादव ने 536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का किया लोकार्पण, सीहोर के 76 गांवों को मिलेगा लाभ – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंचित कृषि ही किसानों के घर-द्वार में समृद्धि लाती है। खेतों तक पानी पहुंचने से किसानों की आय बढ़ने के साथ खेती लाभकारी बनती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होती है। किसानों की समृद्धि ही मध्यप्रदेश की खुशहाली का आधार है। राज्य सरकार प्रदेश के हर खेत को सिंचित बनाने और किसानों को सुविधासंपन्न बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र के भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम और द्वितीय चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सीहोर जिले को कुल 577.67 करोड़ रुपये की लागत के 19 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 575 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण और 2.61 करोड़ रुपये की लागत के 10 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना से बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को बारहमासी सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के जीवन में नया सवेरा लेकर आई है। अब नर्मदा का पानी आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से सीधे खेतों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना से पानी का अधिकतम उपयोग हो सकेगा और किसान स्प्रिंकलर एवं ड्रिप इरीगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की खुशहाली को भी नई गति मिलेगी।
प्रदेश में सिंचित क्षेत्र 60 लाख हेक्टेयर के पार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं का निरंतर विस्तार कर रही है। वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में सिंचाई का रकबा केवल 7.50 लाख हेक्टेयर था। इसके बाद सिंचाई सुविधाओं के विकास से वर्ष 2023 तक यह बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया। पिछले ढाई साल में मध्यप्रदेश में सिंचित क्षेत्र में 20 लाख हेक्टेयर की वृद्धि हुई है और अब यह 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किसानों की समृद्धि और उनका जीवन बदलने का संकल्प है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और डेयरी को भी बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन, डेयरी व्यवसाय, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने पिछले साल नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ एमओयू किया था। इसके बाद सांची डेयरी से जुड़े किसानों को दूध के दाम में 5 से 8 रुपये तक की वृद्धि का लाभ मिलने लगा है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अभी दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। राज्य सरकार ने प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य रखा है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय 1,000 रुपये प्रतिमाह सहायता देने का निर्णय लिया गया है। वहीं, मान्यता प्राप्त गौशालाओं के लिए अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गौमाता कर दिया गया है।
किसानों को सिंचाई के साथ अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को सिंचाई के लिए पानी और बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ बच्चों की बेहतर शिक्षा, युवाओं को रोजगार और गांवों में पक्की सड़क जैसी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। सरकार ने अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की है और अगले साल एमपी पीएससी की परीक्षा दो बार कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 70 हजार रुपये हो गई है। राज्य सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
577 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीहोर जिले को मिली विकास कार्यों की सौगात में सड़कें, सलकनपुर में विश्रामगृह, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमि-पूजन किया गया।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सीप-अंबर सिंचाई परियोजना से बुधनी-सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। यह योजना किसानों की तकदीर बदलने का कार्य करेगी। उन्होंने इछावर क्षेत्र के कुछ गांवों में सिंचाई के लिए पानी की जरूरत को देखते हुए परियोजना का एक और चरण शुरू करने की आवश्यकता बताई।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सीप-अंबर सिंचाई परियोजना से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और 8 हजार से अधिक किसानों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर करने का संकल्प लिया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


