मध्यप्रदेश में धान की MSP पर खरीदी 1 दिसंबर से होगी शुरू, 20 जनवरी तक चलेगा उपार्जन
28 नवंबर 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में धान की MSP पर खरीदी 1 दिसंबर से होगी शुरू, 20 जनवरी तक चलेगा उपार्जन – मध्यप्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान, ज्वार और बाजरा की खरीदी की नीति घोषित कर दी गई है। प्रदेश में ज्वार और बाजरा का उपार्जन 23 नवंबर से शुरू हो चुका है, जो 23 दिसंबर तक चलेगा। वहीं, धान की खरीदी 1 दिसंबर से शुरू होकर 20 जनवरी 2027 तक की जाएगी। उपार्जन सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक होगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि प्रदेश के सभी कलेक्टरों, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को उपार्जन नीति का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से तय व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर उपार्जन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धान, ज्वार और बाजरा का MSP निर्धारित
खाद्य मंत्री ने बताया कि निर्धारित अवधि में ही फसलों का उपार्जन किया जाएगा। धान, ज्वार और बाजरा की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इसके अलावा विभाग केंद्र और राज्य सरकार की अन्य एजेंसियों या उनके द्वारा अधिकृत संस्थाओं को भी उपार्जन एजेंसी घोषित कर सकेगा। सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य इस प्रकार निर्धारित किया है:
- धान कॉमन: 2441 रुपये प्रति क्विंटल
- धान ग्रेड-ए: 2461 रुपये प्रति क्विंटल
- ज्वार मालदण्डी: 4073 रुपये प्रति क्विंटल
- ज्वार हाइब्रिड: 4023 रुपये प्रति क्विंटल
- बाजरा: 2900 रुपये प्रति क्विंटल
धान खरीदी में 46 प्रतिशत पुराने और 54 प्रतिशत नए बारदाने होंगे इस्तेमाल
समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिए 46 प्रतिशत पुराने और 54 प्रतिशत नए जूट बारदानों का उपयोग किया जाएगा। बारदानों की व्यवस्था उपार्जन एजेंसी करेगी। वहीं, ज्वार और बाजरे की खरीदी नए जूट बारदानों में की जाएगी। केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म स्पेसिफिकेशन्स और समय-समय पर दी गई छूट के अनुसार ही फसलों का उपार्जन होगा। गुणवत्ता परीक्षण की जिम्मेदारी उपार्जन केंद्र पर खरीदी करने वाली संस्था और भंडारण स्थल पर उपार्जन एजेंसी की होगी। कृषि उपज मंडियों में एफएक्यू मानक वाली धान, ज्वार और बाजरा की खरीदी समर्थन मूल्य से कम कीमत पर नहीं की जाएगी। नॉन-एफएक्यू उपज का सैंपल मंडी द्वारा संधारित किया जाएगा।
किसानों को स्लॉट बुकिंग कराना होगा जरूर
किसानों द्वारा बेची जा सकने वाली अधिकतम खाद्यान्न मात्रा का निर्धारण पंजीयन में दर्ज फसल के रकबे और राजस्व विभाग द्वारा तहसीलवार तय उत्पादकता के आधार पर किया जाएगा। उपज बेचने के लिए किसानों को उपार्जन केंद्र और विक्रय दिनांक का चयन करते हुए स्लॉट बुकिंग करानी होगी। उपार्जित खाद्यान्न को उपार्जन केंद्र से गोदाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उपार्जन एजेंसी की होगी। वहीं, धान को उपार्जन केंद्र या गोदाम से सीधे मिलर्स तक पहुंचाने का दायित्व मिलर्स का रहेगा।
उपार्जन केंद्रों पर सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
अधिक उपार्जन की संभावना वाले केंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों, तौल कांटों और कंप्यूटर आदि की व्यवस्था संबंधित संस्था अपनी आय से कर सकेगी। उपार्जन केंद्रों पर उपलब्ध भौतिक एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी और उनके फोटोग्राफ उपार्जन केंद्र प्रभारी मोबाइल ऐप के माध्यम से भारत सरकार के पोर्टल https://pcsap.in/ पर अपलोड करेंगे।
इसके अलावा सभी मंडियों, उपार्जन केंद्रों और भंडारण केंद्रों में नापतौल उपकरणों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उपार्जन से जुड़ी जानकारी एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। साथ ही ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर भी खरीदी संबंधी जानकारी प्रकाशित की जाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


