छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल की वैश्विक ब्रांडिंग की पहल, बार्सिलोना में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने की अहम चर्चा
27 नवंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल की वैश्विक ब्रांडिंग की पहल, बार्सिलोना में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने की अहम चर्चा – धान के कटोरे के रूप में विख्यात छत्तीसगढ़ की कृषि संपदा को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने की दिशा में पहल की जा रही है। प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावल और अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव भी शामिल हुए। इस अवसर पर काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया की अधिकारी आर्स निसार भी उपस्थित रहीं।
वैश्विक ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही।
गौरतलब है कि फिरा बार्सिलोना संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने की संभावनाएं तलाश की जा रही हैं। इस पहल से प्रदेश के कृषि उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।
जीआई टैग वाले चावल को मिलेगी वैश्विक पहचान
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण अलग पहचान रखते हैं। प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा कृषि निर्यात की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों में विशिष्ट वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी। अंतरराष्ट्रीय विपणन, उच्च गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


