राजगढ़: गेंदे की खेती से चमकी किसान की किस्मत, 25 हजार की लागत में कमाए 1 लाख रुपए
11 नवंबर 2026, राजगढ़: राजगढ़: गेंदे की खेती से चमकी किसान की किस्मत, 25 हजार की लागत में कमाए 1 लाख रुपए – पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में बढ़ोतरी कर सकते हैं। मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित राज्य उद्यानिकी मिशन किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। इस योजना के माध्यम से किसान कम क्षेत्र में उद्यानिकी फसलों की खेती कर बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। ऐसा ही उदाहरण राजगढ़ जिले के विकासखंड खिलचीपुर के ग्राम मालाकार निवासी किसान रमेशचंद्र ने पेश किया है। उन्होंने राज्य उद्यानिकी मिशन के अंतर्गत पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना का लाभ लेकर 0.250 हेक्टेयर क्षेत्र में गेंदे की खेती की और 25 हजार रुपये की लागत से एक लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त की।
योजना का लाभ लेने से पहले रमेशचंद्र पारंपरिक रूप से सोयाबीन की खेती करते थे। 0.250 हेक्टेयर क्षेत्र में सोयाबीन की फसल से उन्हें 10 क्विंटल उपज मिलती थी। इस पर लगभग 20 हजार रुपये की लागत आती थी, जबकि कुल आय 40 हजार रुपये होती थी। इस तरह उन्हें सोयाबीन की खेती से 20 हजार रुपये की शुद्ध आय प्राप्त होती थी।
वर्ष 2025-26 में उन्होंने राज्य उद्यानिकी मिशन के पुष्प क्षेत्र विस्तार घटक के तहत योजना का लाभ लिया। इसके लिए उन्हें 5 हजार रुपये का अनुदान भी मिला। इसके बाद उन्होंने सोयाबीन के स्थान पर उसी 0.250 हेक्टेयर क्षेत्र में गेंदे की खेती शुरू की। गेंदे की फसल से उन्हें 100 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ। इस पर 25 हजार रुपये की लागत आई, जबकि कुल आय 1 लाख 25 हजार रुपये हुई। इस प्रकार सभी खर्च निकालने के बाद उन्हें एक लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हुई।
सोयाबीन की तुलना में 80 हजार रुपये अधिक कमाए
गेंदे की खेती से रमेशचंद्र को सोयाबीन की तुलना में 80 हजार रुपये अधिक शुद्ध आय प्राप्त हुई। जहां पहले इसी क्षेत्र में सोयाबीन की खेती से उन्हें 20 हजार रुपये की शुद्ध आय होती थी, वहीं अब गेंदे की खेती से यह बढ़कर एक लाख रुपये हो गई है। राज्य उद्यानिकी मिशन के माध्यम से मिले प्रोत्साहन और अनुदान ने उन्हें पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसल अपनाने में मदद की। रमेशचंद्र के लिए पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना आय बढ़ाने का उपयोगी माध्यम बनी है। उनका यह उदाहरण बताता है कि किसान पारंपरिक फसलों के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाकर कम भूमि में भी बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


