Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान: मोती लाल कुमावत बने किसान ब्रांड एम्बेसेडर, किसानों को सिखाएंगे जैविक-प्राकृतिक खेती

02 अक्टूबर 2026, जयपुर: राजस्थान: मोती लाल कुमावत बने किसान ब्रांड एम्बेसेडर, किसानों को सिखाएंगे जैविक-प्राकृतिक खेती – राजस्थान में जैविक, परंपरागत और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने नई पहल की है। इसके तहत कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने ग्राम बिचून, तहसील मौजमाबाद के प्रगतिशील किसान मोती लाल कुमावत को राज्य में जैविक, परंपरागत एवं प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार के लिए ‘किसान ब्रांड एम्बेसेडर एवं ट्रेनर’ नियुक्त किया है।

कृषि आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर दौरे के दौरान किसानों के साथ हुई चौपाल में प्राकृतिक और गौ-आधारित खेती के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सफल प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेमचंद कपाया को ब्राण्ड एम्बेसेडर बनाया गया था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए मोती लाल कुमावत को भी राज्य स्तर पर किसान ब्राण्ड एम्बेसेडर एवं ट्रेनर की जिम्मेदारी दी गई है।

व्यावहारिक अनुभव के आधार पर मिली जिम्मेदारी

कृषि आयुक्त नरेश कुमार ने बताया कि मोती लाल कुमावत की जैविक, परंपरागत एवं प्राकृतिक खेती पर दी गई प्रस्तुति प्रभावी और सराहनीय रही। खेती की इन पद्धतियों के प्रति उनके समर्पण, व्यावहारिक अनुभव और किसानों के बीच प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि को लोकप्रिय बनाने की क्षमता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

राज्यभर में किसानों को देंगे प्रशिक्षण

मोती लाल कुमावत राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं में मास्टर ट्रेनर के रूप में सेवाएं देंगे। इस दौरान वे किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती की तकनीकों, गौ-आधारित कृषि, स्थानीय एवं प्राकृतिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी देंगे। वे अपने खेत पर किए गए प्रयोगों और व्यावहारिक अनुभवों को किसानों के साथ साझा करेंगे, जिससे किसान इन पद्धतियों को समझकर अपने स्तर पर अपनाने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

11 हजार रुपए मासिक मानदेय मिलेगा

कृषि विभाग की ओर से मोती लाल कुमावत के प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान यात्रा, परिवहन और भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा श्री रामशांताय जैविक कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, कोटा के चेयरमैन ताराचंद गोयल के माध्यम से उन्हें 11 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय अग्रिम आदेश तक दिया जाएगा।

‘खेत से खेत तक’ पहुंचेगा प्राकृतिक खेती का संदेश

कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को सफल किसानों के वास्तविक अनुभवों और खेतों पर किए गए प्रयोगों से जोड़ना है। किसान ब्राण्ड एम्बेसेडर के तौर पर मोती लाल कुमावत किसानों के बीच प्राकृतिक और जैविक खेती के व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही वे स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, रासायनिक कृषि पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण-अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करेंगे।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश

कृषि विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कार्यशालाओं में मोती लाल कुमावत की मास्टर ट्रेनर के रूप में सेवाएं लेना सुनिश्चित किया जाए। इसका उद्देश्य उनके अनुभव, नवाचार और सफल कृषि मॉडल को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना है। कृषि आयुक्त ने कहा कि मोती लाल कुमावत राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जैविक, परंपरागत एवं प्राकृतिक खेती के विस्तार और किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विभाग के अनुसार, यह पहल खेतों में अपनाई जा रही सफल तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने और प्राकृतिक खेती को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने में मदद करेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture