रायपुर: कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता, कृषक उन्नति योजना से बढ़ा भरोसा
16 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर: कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता, कृषक उन्नति योजना से बढ़ा भरोसा – खेत में कम उत्पादन होने के बावजूद अब किसानों को आर्थिक सहायता से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत एक एकड़ में निर्धारित 21 क्विंटल की सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस फैसले से कम उपज वाले किसानों को राहत मिलेगी। निर्धारित सीमा और किसान द्वारा बेचे गए धान की मात्रा के अंतर के आधार पर सहायता की गणना की जाएगी। इसके तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक की पूरी सहायता मिलेगी। यह राशि धान विक्रय के भुगतान के साथ ही किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
सरकार के इस निर्णय से उन किसानों को विशेष लाभ मिलेगा, जिनके पास सिंचाई की पर्याप्त सुविधा नहीं है और वे वर्षा पर निर्भर रहते हैं। कम उत्पादन के कारण निर्धारित खरीदी सीमा तक धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी अब योजना का पूरा लाभ मिल सकेगा। इससे किसान अपनी उपज बिचौलियों के बजाय सीधे उपार्जन केंद्रों में बेचने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी राहत
कटघोरा विकासखंड के ग्राम नवापारा की महिला किसान श्रीमती दयामती केला ने अपने पुत्र श्री अश्वनी केला के साथ कटघोरा उपार्जन केंद्र में 36 क्विंटल धान बेचा। खरीदी के पहले दिन बिना किसी परेशानी के धान विक्रय होने पर उन्होंने खुशी जताई। श्रीमती केला ने बताया कि उनके क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा नहीं है और खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर रहती है। फसल तैयार करने के लिए काफी मेहनत और देखभाल करनी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि पहले धान बेचने और उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में कई तरह की कठिनाइयां आती थीं, लेकिन अब खरीदी केंद्रों पर सुविधाएं बेहतर हुई हैं। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से कम धान बेचने वाले छोटे किसानों को भी आर्थिक राहत मिलेगी।

इसी तरह ग्राम डोड़कीधरी के किसान राजाराम ने खरीदी के पहले दिन 12 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने खेत में मोटा धान लगाया था। कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने का निर्णय उनके जैसे किसानों के लिए भरोसा बढ़ाने वाला है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, ग्राम पोलमी के किसान संतोष साहू ने 51.60 क्विंटल और ग्राम बुढ़ापारा के किसान राजेंद्र कुमार यादव ने 15.20 क्विंटल धान बेचा। खरीदी के पहले दिन उपार्जन केंद्र में सम्मानपूर्वक धान विक्रय का अवसर मिलने से दोनों किसानों में उत्साह रहा। किसान विजय सिंह कंवर ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि किसान हितैषी योजनाओं से किसानों में खुशहाली और समृद्धि का नया विश्वास पैदा हुआ है।
समय पर भुगतान के साथ मिलेगी आदान सहायता
समय पर धान विक्रय का भुगतान और उसके साथ आदान सहायता मिलने से किसानों को खेती के खर्चों में आर्थिक मदद मिलेगी। यह फैसला खासकर उन किसानों के लिए फायदेमंद है, जिनकी फसल सिंचाई की कमी या कम उत्पादन के कारण निर्धारित खरीदी सीमा तक नहीं पहुंच पाती। उचित मूल्य, सुविधाजनक खरीदी व्यवस्था और सहायता राशि का भरोसा किसानों को सीधे उपार्जन केंद्रों में धान बेचने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
धान खरीदी के लिए टोकन की भी व्यवस्था
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। खरीदी के लिए पंजीकृत किसानों का आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। इसके साथ कृषक उन्नति योजना के तहत 659 रुपये प्रति क्विंटल की आदान सहायता जोड़ने पर किसानों को कुल 3,100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे। वहीं, ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल है। धान खरीदी की अधिकतम सीमा प्रति एकड़ 21 क्विंटल निर्धारित की गई है।
किसानों की सुविधा के लिए ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप के माध्यम से 24 घंटे टोकन लेने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत 2 एकड़ तक की भूमि वाले किसानों को 1 टोकन, 2 एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को 2 टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को 3 टोकन मिलेंगे। धान की मात्रा 40 किलोग्राम प्रति बोरा निर्धारित की गई है, जबकि धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत रखी गई है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


