धार में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश, 1.74 करोड़ रुपये के 230 पौधे जब्त
16 नवंबर 2026, धार: धार में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश, 1.74 करोड़ रुपये के 230 पौधे जब्त – मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी एवं कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में धार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक खेत में कपास और तुअर की फसल के बीच उगाए जा रहे गांजे के 230 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 6 क्विंटल 98 किलोग्राम है, जबकि अनुमानित कीमत 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में थाना मनावर पुलिस एवं चौकी उमरबन पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को चौकी उमरबन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़िया नाईपुरा में एक खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना मनावर और चौकी उमरबन की पुलिस टीम ने खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान कपास एवं तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए हुए मिले। पुलिस ने मौके से 230 हरे पौधों को विधिवत जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, परिवहन और तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। धार पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


