राज्य कृषि समाचार (State News)

सौंसर में अर्धनारीश्वर एफपीओ द्वारा अरहर की खरीदी प्रारम्भ

एफपीओ में किसानों को मिलेगा अच्छा लाभ

20 मई 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत): सौंसर में अर्धनारीश्वर एफपीओ द्वारा अरहर की खरीदी प्रारम्भ –   सौंसर मंडी में गत दिनों अर्धनारीश्वर एफपीओ , पंधराखेड़ी द्वारा अरहर की खरीदी प्रारम्भ की गई है।  इस एफपीओ द्वारा समर्थन मूल्य पर  अरहर की खरीदी प्रारम्भ करने से किसानों को बहुत राहत हो गई है , क्योंकि बाज़ार में फिलहाल अरहर का भाव 6500 – 7000  रु / क्विंटल का चल रहा  है , जबकि अरहर का समर्थन मूल्य 8 ,000 रु / क्विंटल है। इससे किसानों को अच्छा लाभ होगा।

इस संबंध में सौंसर के मंडी सचिव श्री हरिदास इरपची ने कृषक जगत को बताया कि अर्धनारीश्वर एफपीओ , पांधराखेड़ी द्वारा गत दिनों सौंसर मंडी में अरहर की  समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारम्भ की गई है। मंडी में ही किसानों के पंजीयन के साथ ही  स्लॉट बुकिंग की जा रही है। यहीं से किसानों को टोकन भी दिए जा रहे हैं। पांढुर्ना और सौंसर ब्लॉक के किसान  यहां अपनी अरहर की उपज बेच सकते हैं। उल्लेखनीय है कि गत दिनों सौंसर मंडी प्रांगण में समर्थन मूल्य पर अरहर खरीदी का शुभारम्भ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री संदीप भाऊ मोहोड़ और डीडीएम नाबार्ड श्रीमती श्वेता सिंह की मौजूदगी में किया गया।

अर्धनारीश्वर एफपीओ , पंधराखेड़ी के संचालक और खरीदी केंद्र प्रभारी श्री मनोज हिंगवे ने कृषक जगत को बताया कि यह केंद्र सरकार का  आत्म निर्भर भारत के तहत किसानों के लिए आशा नामक प्रोजेक्ट है , जिसकी एनसीसीएफ मुख्य एजेंसी है।  जो इस बार दलहन और तिलहन की खरीदी कर रही है। जिसमें चना , मसूर , उड़द ,मूंग , अरहर ( तुअर ) आदि शामिल है।  इसने  हमारे एफपीओ को खरीदी एजेंसी बनाया है। खरीफ में  क्षेत्र विशेष के हिसाब से  हमें खरीफ में तुअर और रबी  में  चने का  टेंडर मिला है। अभी हम तुअर की खरीदी कर रहे हैं। जो  एमएसपी 8  हज़ार रु /  क्विंटल से 4  क्विंटल / एकड़ की  दर से खरीदी  जाएगी।  यह योजना छिंदवाड़ा और  पांढुर्ना जिले के लिए है। इसमें सौंसर और पांढुर्ना ब्लॉक शामिल हैं। यह ओपन खरीदी है , जिसमें एफपीओ के शेयरधारक के अलावा अन्य सामान्य किसान भी अपनी उपज बेच सकते हैं। इसमें किसानों का पंजीयन अनिवार्य है , जो हमारे द्वारा सौंसर मंडी में  किया जा रहा है। पंजीयन के लिए  आवश्यक  दस्तावेज भूमिस्वामी का आधार कार्ड, खसरा किस्तबंदी , फसल की गिरदावरी ,  मोबाइल नंबर  ( ऑप्शनल ) और किसान का  बायोमैट्रिक  लगेगा।  कृषक जगत द्वारा जायद फसलों मूंग , ज्वार , मूंगफली और उड़द की एफपीओ में खरीदी के संबंध में पूछे गए सवाल के ज़वाब में श्री हिंगवे ने कहा कि  शासन / प्रशासन की ओर से  यदि जायद की फसलों की मांग की  जाएगी और हमें वेंडरशिप मिलेगी तो जायद फसलों की भी खरीदी की जाएगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements