मध्यप्रदेश के 9 जिलों में भारी वर्षा की संभावना
07 अगस्त 2026, इंदौर: मध्यप्रदेश के 9 जिलों में भारी वर्षा की संभावना – मौसम केंद्र , भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश के चंबल, रीवा, शहडोल संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर; भोपाल, ग्वालियर , सागर संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर; इंदौर, उज्जैन , जबलपुर संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर; नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कही-कही वर्षा दर्ज़ की गई एवं शेष सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। दतिया में 83.6 और निवाड़ी में 80.0 मिमी भारी वर्षा के रूप में दर्ज़ हुई। 1 जून से 7 अगस्त तक दीर्घावधि औसत से मध्यप्रदेश में -20 % कम वर्षा हुई। पूर्वी मप्र में औसत से -23 % कम तथा पश्चिमी मप्र में औसत से -17 % कम वर्षा हुई है।
मौसमी परिस्थितियां – मध्य समुद्र तल पर मानसून ट्रफ ( द्रोणिका ) अब गंगानगर, दिल्ली , हमीरपुर, रांची, दीघा और वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व- मध्य बंगाल की खाड़ी से गुजर रही है। दक्षिण गांगेय पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्ला देश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान गांगेय पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों और उससे सटे उत्तर – पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। झारखंड और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण यथावत है। दक्षिण -पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास का ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण -उत्तर प्रदेश और उसके आसपास स्थित है। दक्षिण -पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास का ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण उपर्युक्त प्रणाली में विलीन हो गया है। मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ स्थित है।
पूर्वानुमान – मौसम केंद्र ने गुना, शिवपुरी, दतिया , छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी , अशोकनगर, दमोह और सागर जिलों में कहीं -कहीं भारी वर्षा होने के साथ झंझावात / वज्रपात के साथ झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। वहीं नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन , बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ,धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन , देवास, मंदसौर, नीमच जिलों में कहीं -कहीं ,भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, आगर, सिंगरौली , सीधी, मऊगंज, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया , डिंडोरी , कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी , मंडला,बालाघाट, मैहर और पांढुर्ना जिलों में कुछ स्थानों पर तथा विदिशा , गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर , दतिया , भिंड , मुरैना, श्योपुर कलां, रीवा,सतना, पन्ना , दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा होगी या गरज -चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। इन जिलों में झंझावात / वज्रपात और 30-40 किमी /घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

