सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना
17 अगस्त 2026, इंदौर: सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना – मौसम केंद्र , भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश के रीवा, जबलपुर, शहडोल व सागर संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर; भोपाल, ग्वालियर व चंबल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर; नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर; इंदौर व उज्जैन संभागों के जिलों में कहीं – कहीं; वर्षा दर्ज़ की गई एवं शेष सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। 1 जून से 17 अगस्त तक दीर्घावधि औसत से मध्यप्रदेश में -11 %कम वर्षा हुई है। पूर्वी मप्र में औसत से -15 % कम तथा पश्चिमी मप्र में औसत से -7 % कम वर्षा हुई है।
वर्षा के प्रमुख आंकड़े – पूर्वी मप्र में जबलपुर जिले के सिहोरा में सर्वाधिक 120.3 मिमी वर्षा दर्ज़ की गई , जबकि पश्चिमी मप्र में भिंड जिले के लहार में 71. 5 मिमी वर्षा दर्ज़ की गई। अति भारी वर्षा जबलपुर जिले तथा भारी वर्षा – अनुपपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली , भिंड , उमरिया जिलों में हुई।
मौसमी परिस्थितियां – अवदाब (Depression) उत्तर – पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा के तटों पर बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान पहले उत्तर – उत्तर -पश्चिम और उसके बाद उत्तर – पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार से गुजरने की बहुत संभावना है। मानसून ट्रफ ( द्रोणिका ) अब समुद्र तल पर फिरोजपुर, मुजफ्फर नगर, बस्ती , पटना, पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में स्थित अवदाब के केंद्र तथा उससे लगे बांग्ला देश और उत्तर -पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रही है। शीयर ज़ोन (वायु कतरनी क्षेत्र ) भी बना हुआ है। ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों, दक्षिण -पूर्व राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण अब राजस्थान के मध्य भागों के ऊपर स्थित है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर तथा पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
पूर्वानुमान – मौसम केंद्र ने सिवनी , मंडला और बालाघाट जिलों में कहीं -कहीं झंझावात / वज्रपात और झोंकेदार हवाओं के साथ अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि रायसेन, राजगढ़, सतना, अनुपपुर, शहडोल, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना , दमोह, सागर और छतरपुर जिलों में कहीं -कहीं भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के शेष जिलों में कहीं -कहीं , कुछ स्थानों , अनेक स्थानों एवं अधिकांश स्थानों पर वर्षा होगी या गरज -चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

