पांढुर्ना: जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
13 मई 2026, पांढुर्ना: पांढुर्ना: जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक संपन्न – नगर पालिका सभाकक्ष पांढुर्णा में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री द्वारा ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में 01 अप्रैल 2026 से अब तक 5025 किसानों द्वारा ई-टोकन बुक किए गए हैं तथा कुल 951 किसानों द्वारा लगभग 556 मीट्रिक टन उर्वरकों का उठाव ई-विकास प्रणाली के माध्यम से किया गया है। शासन के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश के सभी जिलों में ई-विकास प्रणाली से उर्वरक वितरण किया जा रहा है।
ई-विकास प्रणाली से किसानों को लाइन से मिलेगी राहत – प्रभारी मंत्री – ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि ई-विकास प्रणाली किसानों के लिए अत्यंत सुविधाजनक व्यवस्था है। इसके माध्यम से किसान ई-टोकन बुक कर अपनी इच्छानुसार उर्वरक विक्रय केंद्र का चयन कर सकेंगे तथा बिना लाइन में लगे उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था किसानों का समय बचाने के साथ-साथ वितरण प्रणाली को भी अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाएगी।
पात्रता अनुसार एक बार में मिलेगा पूरा उर्वरक – कलेक्टर – बैठक में जानकारी दी गई कि शासन के निर्देशानुसार 05 मई 2026 से पूरे प्रदेश में किसान अपनी भूमि की पात्रता के अनुसार आवश्यक सभी उर्वरकों की संपूर्ण मात्रा एक साथ एक बार में ही ई-टोकन बुक कर प्राप्त कर सकेंगे। उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह द्वारा बैठक में ई-टोकन प्रणाली से उर्वरक वितरण एवं कृषि विकास प्लान की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा जिले की सभी सहकारी समितियों, मार्कफेड गोदाम प्रभारियों, एम.पी. एग्रो केंद्र प्रभारियों, अधिकृत निजी विक्रेताओं तथा कॉमन सर्विस सेंटरों को किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है उर्वरक – उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में सभी प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। किसानों से अपील की गई कि वे असुविधा से बचने के लिए शीघ्र ई-टोकन बुक कर उर्वरकों का उठाव करें। ई-टोकन बुकिंग में किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी, समिति प्रबंधक, मार्कफेड गोदाम प्रभारी एवं विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा जिले के सभी 200 सीएससी सेंटरों को शासन द्वारा निर्धारित 15 रुपये प्रति टोकन की दर से किसानों के ई-टोकन बुक करने के लिए निर्देशित किया गया है।
पंचायत एवं समितियों में लगाए जाएंगे प्रशिक्षण शिविर – कलेक्टर श्री वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले की सभी सहकारी समितियों एवं पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में समिति प्रबंधक, कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक किसानों को ई-टोकन बुकिंग की प्रक्रिया सिखाएंगे तथा उन्हें प्रशिक्षित करेंगे।
बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष पांढुर्णा श्री संदीप मोहोड, विधायक पांढुर्णा एवं सौसर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोडे, जिला पंचायत सदस्य सुनंदा डोगरे, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष वैशाली महाले, जनपद पंचायत सौसर अध्यक्ष श्री संजय भुते, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य तथा अधिकारीयों में जिला पंचायत सी ई ओ श्री अग्रिम कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का,प्रभारी तहसीलदार पांढुर्णा प्रेक्षा पाठक जनपद पंचायत सीईओ श्री प्रियंक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

