राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

दक्षिण-पश्चिम भारत में में मानसून की दस्तक के संकेत, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट; राजस्थान में भीषण गर्मी जारी

12 मई 2026, नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम भारत में में मानसून की दस्तक के संकेत, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट; राजस्थान में भीषण गर्मी जारी – भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं और सप्ताह के अंत तक मानसून की शुरुआती दस्तक देखने को मिल सकती है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान, गुजरात और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बना हुआ है।

IMD के मुताबिक अगले 6-7 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भीषण ऊष्ण लहर चलने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य भारत के हिस्सों में भी अगले 4-5 दिनों तक गर्म हवाओं का असर रहेगा। वहीं दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। पंजाब में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

राजस्थान में सबसे ज्यादा गर्मी, बाड़मेर 47.3 डिग्री पर पहुंचा

देश में सबसे अधिक तापमान राजस्थान के बाड़मेर में 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान, गुजरात, मराठवाड़ा, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। IMD के अनुसार पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में लू से लेकर भीषण लू जैसी स्थिति बनी हुई है।

पूर्वी राजस्थान में गर्म रातें भी दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

सिनोप्टिक मौसम परिस्थिति: कई सिस्टम सक्रिय

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र अभी सक्रिय है और अगले 48 घंटों में इसके और मजबूत होने की संभावना है। इसके साथ ही कई चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हैं, जिनका असर देश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर पाकिस्तान और आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत में नमी वाली हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है

इन्हीं सिस्टम्स के कारण देशभर में कहीं बारिश, कहीं आंधी और कहीं भीषण गर्मी जैसी स्थिति बनी हुई है।

उत्तर भारत: बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का असर

IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 से 16 मई के बीच बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी आने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में अगले कई दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 17 मई के दौरान असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ बारिश

बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 4-5 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। झारखंड और बिहार में तेज आंधी चल सकती है।

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी लगातार भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मध्य भारत में मौसम बदलेगा

छत्तीसगढ़ में 13 से 16 मई के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में अगले 4-5 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। IMD ने तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

दिल्ली-NCR का मौसम: आंधी और हल्की बारिश से राहत

दिल्ली-NCR में 12 मई को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। IMD के अनुसार दोपहर और शाम के समय गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

राजधानी में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम रहेगा। 13 मई को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार 15 मई तक दिल्ली में गर्मी से कुछ राहत बनी रह सकती है, हालांकि इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements