ओडिशा में 29 लाख बहनें बनीं ‘लखपति दीदी’, अब हर पंचायत को विकास के लिए मिलेगी बड़ी राशि- मंत्री शिवराज सिंह चौहान
16 नवंबर 2026, नई दिल्ली: ओडिशा में 29 लाख बहनें बनीं ‘लखपति दीदी’, अब हर पंचायत को विकास के लिए मिलेगी बड़ी राशि- मंत्री शिवराज सिंह चौहान – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा के बलांगीर में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के गरीब परिवारों, किसानों और महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री ने ऐलान किया कि ओडिशा के गरीब परिवारों को तत्काल 5 लाख पक्के मकान दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर पात्र परिवार को पक्का घर मिलेगा और कोई भी गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि आवास के लिए अब सही सर्वे पूरा हो चुका है। पात्र परिवारों को चरणबद्ध तरीके से पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। इन मकानों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सब्सिडी भी देंगी। इससे परिवारों का बिजली बिल शून्य हो सकेगा और अतिरिक्त बिजली बेचकर वे आमदनी भी कर सकेंगे।
ओडिशा की 29 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिलाओं के सशक्तीकरण पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सुभद्रा योजना के तहत सालाना 10 हजार रुपये मिलने से ओडिशा की बहनों का आत्मविश्वास और सम्मान बढ़ा है। उन्होंने खुशी जताई कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में राज्य ने निर्धारित समय से एक साल पहले ही 27 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पार कर लिया है। अब तक प्रदेश की 29 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में देशभर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंकों के माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये का लोन उपलब्ध कराया जाएगा। अब स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ-साथ अकेले अपना काम-धंधा या व्यापार शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को भी आसानी से ऋण दिया जाएगा।
हर पंचायत को मिलेंगे 1 से 2 करोड़ रुपये
ग्रामीण विकास की योजनाओं की जानकारी देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि ‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना के तहत इस वर्ष ओडिशा को करीब 4,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके माध्यम से प्रदेश की प्रत्येक पंचायत को सालाना 25 से 50 लाख रुपये मिलेंगे। पांच साल में छोटी पंचायत को करीब 1 करोड़ और बड़ी पंचायत को 2 करोड़ रुपये तक विकास कार्यों के लिए दिए जाएंगे।
इस राशि से गांवों में सड़क, नाली, स्कूल, पंचायत भवन, किसानों के खेतों तक पहुंच मार्ग और जल संरक्षण के लिए तालाबों का निर्माण कराया जा सकेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 1,700 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति दी गई है। अब प्रदेश के बचे हुए गांवों को भी पक्की सड़कों से जोड़ने का काम किया जाएगा।
बलांगीर का कृषि कॉलेज बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान
कार्यक्रम के दौरान बलांगीर में नए कृषि कॉलेज का शिलान्यास भी किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आईसीएआर और भारत सरकार के सहयोग से इस कॉलेज को देश का सर्वश्रेष्ठ कृषि संस्थान बनाया जाएगा। यहां देश के शीर्ष वैज्ञानिक किसानों को खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और बेहतर उत्पादन के लिए मार्गदर्शन देंगे।
उन्होंने कहा कि ओडिशा की खेती को आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर ठोस रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत किसानों के खेतों के ऊपर सोलर पैनल लगाए जाएंगे और उनके नीचे फल एवं सब्जियों की खेती की जाएगी। इससे किसानों को बिजली उत्पादन और कृषि, दोनों से लाभ मिलेगा। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से छूटे पात्र किसानों के नाम भी अब सूची में जोड़ दिए गए हैं।
विकसित ओडिशा के निर्माण का दिलाया संकल्प
शिवराज सिंह चौहान ने बलांगीर की लोक संस्कृति, नुआखाई पर्व और ढालखाई-रसरकेली नृत्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे यहां किसी विशिष्ट अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री के नाते जनता के सेवक बनकर आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सरल और सहज व्यक्तित्व के साथ दिन-रात जनता की सेवा में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य में विकसित ओडिशा का निर्माण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री कनक वर्धन सिंह देव, पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग, सांसद संगीता कुमारी सिंह देव, विधायक नवीन कुमार जैन, लक्ष्मण बाग और रूपा मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


