राज्य कृषि समाचार (State News)

पांढुर्ना: कलेक्टर ने सौसर कृषि मंडी खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण

तुलाई के लिये राशि वसूली पर लगाई फटकार

20 मई 2026, (उमेश खोड़े, पांढुर्ना )पांढुर्ना: कलेक्टर ने सौसर कृषि मंडी खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण –  कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को  सौसर कृषि उपज मंडी परिसर में संचालित तुअर, चना एवं गेहूं के शासकीय खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, उपज के भंडारण एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान किसानों द्वारा तुलाई के नाम पर अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि की वसूली नहीं की जाए तथा खरीदी कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं शासन के नियमों के अनुरूप संपादित किया जाए।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि पंजीयन कर्ता किसान स्वयं उपस्थित होकर ही अपनी उपज का विक्रय करें, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता एवं बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की उपज की खरीदी क्रमवार एवं निष्पक्ष रूप से की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र किसान को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सके। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी कार्य तहसीलदार एवं पटवारी की टीम की उपस्थिति में ही संपन्न कराया जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तौल कांटों एवं रिकॉर्ड संधारण की भी जांच की तथा खरीदी केन्द्र में साफ-सफाई, पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उल्लेखनीय है कि बीते दिवस जिला भाजपा अध्यक्ष श्री संदीप मोहोड ने भी मंडी परिसर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनी थीं। इस दौरान किसानों द्वारा तुलाई के नाम पर अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत की गई थी, जिसके बाद प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया गया।कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के संकेत भी दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री संदीप मोहोड, प्रभारी एसडीएम श्री प्रियंक मिश्रा सहित मंडी प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements