राज्य कृषि समाचार (State News)

कृषि आयुक्त के व्यवहार पर अधिकारियों को एतराज

अधिकारियों ने मोर्चा खोला, कृषि मंत्री को सौंपा ज्ञापन

14 फरवरी 2024, भोपाल: कृषि आयुक्त के व्यवहार पर अधिकारियों को एतराज – कृषि अधिकारी संघों के संयुक्त कृषि मोर्चा ने कृषि आयुक्त श्री एम. सेलवेन्द्रन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना को ज्ञापन सौंपते हुए मोर्चा ने कृषि आयुक्त को अपने व्यवहार में संयम बरतने की हिदायत देने एवं पूर्णकालिक कृषि संचालक पदस्थ करने की मांग की है। ज्ञातव्य है कि वर्तमान में श्री सेलवेन्द्रन के पास कृषि एवं उद्यानिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार है।

म.प्र. कृषि अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. अजय कौशल, कृषि विकास अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष श्री दिलावर सिंह कौरव एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष श्री मनोहर गिरी ने बताया कि प्रदेश के आयुक्त सह संचालक कृषि श्री एम. सेलवेन्द्रन द्वारा बिना कारण संचालनालय के अधिकारियों- कर्मचारियों पर अभद्र टिप्पणी अमर्यादित भाषा एवं दबाव डालने की नीति के कारण असंतोष व्याप्त है। संघ के मुताबिक कई अधिकारी-कर्मचारी उनके असामान्य व्यवहार के कारण मानसिक एवं शारीरिक रूप से हताश हो गए हैं तथा बीमार रहने लगे हैं।

ज्ञापन के माध्यम से प्रांताध्यक्षों ने कृषि मंत्री को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि बैठकों में अपमान कर लज्जित करना, बिना कारण शो-काज नोटिश देना आयुक्त की प्रतिदिन की दिनचर्या बन गई है जिसके कारण शासकीय कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इसलिए कृषि विभाग को पूर्णकालिक आयुक्त सह संचालक की आवश्यकता है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी समस्त कृषि अधिकारी-कर्मचारी संघों द्वारा विभागीय संचालक की मांग उठती रही है। उनका कहना है कि कृषि जैसे विषय के लिए तकनीकी रूप से सक्षम अधिकारी ही विभाग का संचालक होना चाहिए।

बहरहाल वर्तमान में सम्मानजनक ढंग से कार्य करने की मांग करते हुए मोर्चा ने कृषि मंत्री श्री कंषाना से शीघ्र कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। वहीं उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक वर्तमान विधानसभा सत्र के बाद फेरबदल होने की संभावना है।

Advertisements
Advertisement
Advertisement

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम)

Advertisements
Advertisement
Advertisement