सिंगरौली में ई-विकास प्रणाली के उल्लंघन पर दो विक्रेताओं को नोटिस
16 अप्रैल 2026, सिंगरौली: सिंगरौली में ई-विकास प्रणाली के उल्लंघन पर दो विक्रेताओं को नोटिस – उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 1 अप्रैल से शत-प्रतिशत ई-विकास प्रणाली (ई-टोकन) के माध्यम से खाद वितरण अनिवार्य कर दिया गया है। इस व्यवस्था का उल्लंघन करने पर दो उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि बिना ई-टोकन के उर्वरक वितरण करने पर मेसर्स जायसवाल खाद बीज भंडार, बरका (सरई) एवं मेसर्स संदीप ट्रेडर्स, अमहाटोला (सरई) के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित विक्रेताओं से स्पष्टीकरण प्राप्त होने के उपरांत, यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उनके लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे शत-प्रतिशत उर्वरक वितरण ई-टोकन के माध्यम से ही सुनिश्चित करें। आदेश का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उप संचालक कृषि ने यह भी बताया कि किसानों की सुविधा के लिए ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर ई-टोकन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। किसान अपने आधार नंबर के माध्यम से ई-टोकन जनरेट कर आवश्यकतानुसार खाद की बुकिंग कर सकते हैं तथा मार्कफेड, सहकारी समितियों एवं निजी विक्रेताओं से उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।यह प्रणाली किसानों की फार्मर आईडी से लिंक की गई है, जिससे उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके। जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है, वे संबंधित विभाग से संपर्क कर शीघ्र अपना पंजीयन कराएं, ताकि उन्हें समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

