मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी का नया रिकॉर्ड, 5.33 लाख मीट्रिक टन उपज खरीदी
01 सितंबर 2026, भोपाल: मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी का नया रिकॉर्ड, 5.33 लाख मीट्रिक टन उपज खरीदी – मध्य प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग की सरकारी खरीदी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। खरीदी अवधि समाप्त होने तक प्रदेश में कुल 5.33 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी की गई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि किसानों के हित को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य के अनुरोध पर मूंग खरीदी की स्वीकृत सीमा में भी बड़ी बढ़ोतरी की थी।
शुरुआत में मध्य प्रदेश के लिए 4,54,580 मीट्रिक टन मूंग खरीदी की सीमा मंजूर की गई थी। बाद में इसमें 84,492 मीट्रिक टन की अतिरिक्त मंजूरी दी गई, जिससे कुल स्वीकृत मात्रा बढ़कर 5,39,072 मीट्रिक टन हो गई। इसके मुकाबले प्रदेश में 5.33 लाख मीट्रिक टन मूंग की वास्तविक खरीदी हुई।
पिछले साल से 1.40 लाख टन अधिक खरीदी
ग्रीष्मकालीन 2025 में प्रदेश में 3.93 लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी हुई थी। इस लिहाज से 2026 में खरीदी करीब 1.40 लाख मीट्रिक टन अधिक रही। इससे बड़ी संख्या में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने का अवसर मिला। खरीदी प्रक्रिया में भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (एनसीसीएफ) की प्रमुख भूमिका रही। पंजीकृत किसानों से खरीदी कर उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान सीधे बैंक खातों में किए जाने की व्यवस्था की गई। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों के हित में खरीदी, भुगतान और फसल बीमा व्यवस्था को और मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि समय पर खरीदी, उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य और प्रभावी फसल बीमा व्यवस्था किसानों की आय बढ़ाने के साथ उनके भरोसे को भी मजबूत करती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

