Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

पशुधन से समृद्धि की ओर बढ़ता नीमच

08 अक्टूबर 2026, नीमच: पशुधन से समृद्धि की ओर बढ़ता नीमच – जिले में आधुनिक डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने के प्रयासों को लगातार गति मिल रही है। आधुनिक डेयरी आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही है। मध्यप्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प को साकार करने में नीमच जिला महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिले में प्रतिदिन करीब 9 लाख 87 हजार लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है और 6.4 प्रतिशत की वार्षिक विकास दर के साथ डेयरी क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है। पशुपालन विभाग की डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना और मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना किसानों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर रही हैं।

नौकरी के बजाय गांव में शुरू किया डेयरी व्यवसाय – उपरेड़ा गांव के कुलदीप ने डिग्री हासिल करने के बाद शहर में नौकरी करने के बजाय गांव में ही अपना व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सामने बड़ी चुनौती थी, लेकिन डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना से मिले सहयोग ने उनके सपने को नई उड़ान दी। योजना के तहत 25 उन्नत नस्ल के दुधारू पशुओं की डेयरी इकाई स्थापित करने की दिशा में उन्होंने कदम बढ़ाया। वर्तमान में उनके फार्म पर सात पशुओं से करीब 70 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन हो रहा है और वे भविष्य में इसे बढ़ाकर करीब 250 लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

मेहनत और परिवार के सहयोग से बढ़ा कारोबार–  नीमच के किशोर पाटीदार ने भी शासकीय योजना का लाभ लेकर अपना डेयरी फार्म शुरू किया। पशुओं की देखभाल, खानपान और फार्म के संचालन में उनकी पत्नी ललिता पाटीदार भी कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रही हैं। कुछ पशुओं से शुरू हुआ उनका कारोबार आज करीब 120 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन तक पहुंच गया है। परिवार अब इसे और विस्तार देकर 400 से 500 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

दो पशुओं से शुरू हुआ सफर, अब विस्तार का संकल्प-  ग्राम जनकपुर के अक्षय के लिए मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना बदलाव का माध्यम बनी। उन्नत नस्ल के दुधारू पशुओं ने उसके दूध उत्पादन और आय को बढ़ाने का रास्ता खोला। अब उनका लक्ष्य दो पशुओं से चार, चार से छह और आगे लगातार अपने डेयरी व्यवसाय का विस्तार करना है। परिवार भी इस कार्य में उनका पूरा सहयोग कर रहा है। मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के माध्यम से छोटे पशुपालकों को उन्नत नस्ल के दुधारू पशु उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कृत्रिम गर्भाधान और बेहतर ब्रीडिंग से पशुपालक धीरे-धीरे अपने पशुधन को बढ़ाकर डेयरी व्यवसाय को मजबूत कर रहे हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

दूध के साथ जैविक खेती से अतिरिक्त आय – डेयरी व्यवसाय का लाभ केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है। पशुपालक गोबर से वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत और गोमूत्र से जैविक कीटनाशक जैसे उत्पाद तैयार कर रहे हैं। इससे खेती की लागत कम होने के साथ अतिरिक्त आय के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

योजनाओं से मिल रहा सीधा आर्थिक संबल – डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत नीमच जिले में स्वीकृत प्रकरणों में उच्च नस्ल के पशु उपलब्ध कराकर डेयरी इकाइयों का संचालन शुरू कराया जा रहा है। 25 दुधारू संकर गाय अथवा भैंस की इकाई के लिए 42 लाख रुपये, जबकि देशी गायों की इकाई के लिए 36 लाख रुपये की लागत निर्धारित है।  वहीं मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के तहत 2.95 लाख रुपये की इकाई पर सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को 50 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। जिले में अब तक 55 हितग्राहियों को 110 दुधारू पशु उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

पशुपालन विभाग द्वारा इन डेयरी इकाइयों को तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि सफल इकाइयों को रोल मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके और आसपास के किसान उनसे प्रेरणा लेकर अपना डेयरी व्यवसाय शुरू कर सकें। नीमच में योजनाओं का प्रभाव पशुपालकों की बढ़ती आय और डेयरी व्यवसाय के विस्तार में दिखाई दे रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture