Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

रायपुर में 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय आम महोत्सव, 250 से ज्यादा किस्मों के आम एक ही जगह दिखेंगे

22 मई 2026, रायपुर: रायपुर में 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय आम महोत्सव, 250 से ज्यादा किस्मों के आम एक ही जगह दिखेंगे – आम प्रेमियों, किसानों और उद्यमियों के लिए राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 29, 30 और 31 मई को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा। आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

इस राष्ट्रीय आम महोत्सव में देश और विदेश की 250 से अधिक आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। महोत्सव में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित देश के अलग-अलग राज्यों के आम उत्पादक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा आम से बने व्यंजनों और आम सजावट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थी, महिलाएं तथा आम नागरिक भी इन प्रतियोगिताओं में पंजीयन कर भाग ले सकेंगे। आयोजन में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। संस्थागत और व्यक्तिगत प्रतिभागी भी इसमें शामिल हो सकते हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

पहले दिन होगा पंजीयन

महोत्सव के पहले दिन 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिभागियों की प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा। आम जनता के लिए प्रदर्शनी तीनों दिन रात 9 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी में आम की दुर्लभ और लोकप्रिय किस्मों के अलावा आम से बने विभिन्न उत्पाद और आम के पौधे भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

किसानों को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन

महोत्सव के दूसरे दिन 30 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आम उत्पादक किसानों और इच्छुक लोगों के लिए तकनीकी परिचर्चा और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ आम की उन्नत किस्मों के उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की जानकारी देंगे।

विशेषज्ञ यह भी बताएंगे कि आम उत्पादन को पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वास्थ्यवर्धक और लाभकारी व्यवसाय के रूप में कैसे अपनाया जा सकता है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और किसानों को आम उत्पादन और उससे जुड़े व्यवसाय की ओर आकर्षित करना है।

सफलता की कहानियां भी होंगी साझा

महोत्सव के तीसरे दिन 31 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी न्यूनतम 5 से 10 आम प्रति किस्म के साथ हिस्सा ले सकते हैं। वहीं आम से बने व्यंजन प्रतियोगिता में कम से कम 250 ग्राम उत्पाद के साथ पंजीयन किया जा सकेगा।

अंतिम दिन होगा सम्मान समारोह

राष्ट्रीय आम महोत्सव के अंतिम दिन प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय फल आम की सामान्य और विशेष किस्मों से लोगों को परिचित कराना तथा आम उत्पादन को रोजगार के बेहतर अवसर के रूप में बढ़ावा देना है।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा पिछले दो वर्षों से राष्ट्रीय आम महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है, जिसे लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture