एनआईबीएसएम में किसानों को सरसों की वैज्ञानिक खेती का प्रायोगिक प्रशिक्षण
27 नवंबर 2026, रायपुर: एनआईबीएसएम में किसानों को सरसों की वैज्ञानिक खेती का प्रायोगिक प्रशिक्षण – भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर में खेत बचाओ अभियान–रबी 2026 के अंतर्गत किसान जागरूकता एवं सरसों की उन्नत खेती पर प्रायोगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने किसानों को धान की कटाई के बाद खेत में बचे फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों को जलाने के बजाय मल्चर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिलाना चाहिए। इससे मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ती है, मृदा संरचना में सुधार होता है तथा भूमि की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद मिलती है।

उन्होंने किसानों को धान की समय पर कटाई, खेत की उचित तैयारी और उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करते हुए रबी मौसम में दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. शर्मा ने विशेष रूप से सरसों की खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सरसों कम बीज दर एवं सीमित सिंचाई में भी अच्छी उपज देने वाली एक महत्वपूर्ण तिलहनी फसल है। उन्होंने सरसों की उन्नत किस्म DRMR 150-35 की विशेषताओं के साथ बुवाई का उपयुक्त समय, बीज दर, कतारों के बीच दूरी, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई तथा फसल की अन्य आवश्यक कृषि क्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरसों की समय पर, विशेषकर दिसंबर के प्रथम सप्ताह से पूर्व बुवाई तथा वैज्ञानिक फसल प्रबंधन अपनाने पर लगभग 10–12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उपज प्राप्त की जा सकती है। तथा यह लगभग 95–110 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। इस प्रकार किसान कम अवधि में सरसों की खेती से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से किसानों को संस्थान के प्रक्षेत्र में ले जाकर सरसों की किस्म DRMR 150-35 के अंतर्गत लगाए गए प्रदर्शन का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया।
इस अवसर पर किसानों को लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में सरसों की खेती के लिए उन्नत किस्म DRMR 150-35 का बीज भी वितरित किया गया, ताकि वे अपने खेतों में इस तकनीक को अपनाकर तिलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा दे सकें। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. के.सी. शर्मा द्वारा किया गया। इस पहल के माध्यम से किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं रबी मौसम में सरसों की उन्नत खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


