Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

एफएओ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतिष्ठित एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया

21 मई 2026, रोम: एफएओ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतिष्ठित एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया – संयुक्त राष्ट्र का खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कृषि, खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण विकास और गरीबी उन्मूलन में उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया है। यह सम्मान एफएओ के महानिदेशक क्यू डोंग्यू (QU Dongyu) ने 20 मई 2026 को रोम स्थित एफएओ मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया। 

सम्मान प्रदान करते हुए क्व डोंग्यू ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि उनके कार्यकाल में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा मजबूत करने और किसानों की आय एवं जीवन स्तर सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भूख और गरीबी के खिलाफ वैश्विक लड़ाई तथा संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को भी दर्शाता है। 

एफएओ महानिदेशक ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लागू की गई विभिन्न पहलों का उल्लेख करते हुए वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों, कोविड-19 महामारी के बाद लगभग 80 करोड़ लोगों तक पहुंची खाद्य सुरक्षा योजनाओं और 11 करोड़ से अधिक किसानों को दी जा रही प्रत्यक्ष आय सहायता को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने पुनर्योजी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों तथा एफएओ के सहयोग से मनाए गए अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023 के माध्यम से पोषक तत्वों से भरपूर मिलेट्स को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की भी सराहना की। 

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

क्व डोंग्यू ने जी-20 अध्यक्षता के दौरान डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को वैश्विक सार्वजनिक संपत्ति के रूप में आगे बढ़ाने की पहल को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे विकासशील देशों में डिजिटल तकनीकों तक पहुंच बढ़ाने और सेवाओं के प्रभावी वितरण में मदद मिलेगी। उनके अनुसार, इन प्रयासों ने लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में योगदान दिया है। 

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पुरस्कार देश के करोड़ों मेहनती लघु किसानों और वैज्ञानिक एवं शोध समुदाय की उपलब्धियों का सम्मान है, जिन्होंने राष्ट्रीय और वैश्विक खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक कृषि और खाद्य सुरक्षा में पिछले आठ दशकों से एफएओ की भूमिका की भी सराहना की और एफएओ के साथ साझेदारी को कृषि प्रगति में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी दोनों पक्षों के लिए लाभकारी रही है और देश ने भी एफएओ के मिशन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने बिनय रंजन सेन और एम. एस. स्वामीनाथन को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने वैश्विक कृषि और खाद्य प्रणाली को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

उन्होंने एफएओ के साथ सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई और क्व डोंग्यू के नेतृत्व में एफएओ को अधिक आधुनिक, प्रभावी और चुस्त संगठन बनाने के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने एफएओ के “फोर बेटर्स” विजन — बेहतर उत्पादन, बेहतर पोषण, बेहतर पर्यावरण और बेहतर जीवन — की भी प्रशंसा की। 

इस समारोह में एफएओ सदस्य देशों के राजदूत और प्रतिनिधि, एफएओ के वरिष्ठ अधिकारी, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों जैसे कृषि विकास के लिए अंतर्राष्ट्रीय कोष और विश्व खाद्य कार्यक्रम (World Food Programme) के प्रतिनिधि तथा संयुक्त राष्ट्र संस्थाओं में कार्यरत भारतीय नागरिक उपस्थित थे। 

एफएओ एग्रीकोला मेडल उन वैश्विक नेताओं को प्रदान किया जाता है जिन्होंने भूख मिटाने, गरीबी कम करने और दुनिया भर में खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए असाधारण योगदान दिया हो।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture