नर्मदापुरम : अमानक मूंग के सैंपल लेकर जांच शुरू
27 जुलाई 2026, नर्मदापुरम: नर्मदापुरम : अमानक मूंग के सैंपल लेकर जांच शुरू – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा को माखन नगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में भंडारित मूंग की गुणवत्ता संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नर्मदापुरम की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति अधिकारी, उप संचालक कृषि एवं जिला विपणन अधिकारी का संयुक्त जांच दल गठित किया गया।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में संयुक्त जांच दल ने कनकधारा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में भंडारित मूंग के लॉट की गहन जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि भंडारित मूंग में निर्धारित मानकों से कहीं अधिक मात्रा में मिट्टी मिली हुई है। निरीक्षण के दौरान कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी हुई भी पाई गईं, जो गुणवत्ता मानकों का गंभीर उल्लंघन है। गंभीर लापरवाही एवं अनियमितता को देखते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने कनकधारा वेयरहाउस को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही अमानक मूंग के नमूने लेकर परीक्षण हेतु भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार, एसडीएम श्री देवेंद्र सिंह, उप संचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी, एमपीडब्ल्यूएलसी (MPWLC) के शाखा प्रबंधक, नेफेड (NAFED) के प्रतिनिधि तथा तहसीलदार माखननगर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

