खरबूजे की खेती से बदली अलीराजपुर के किसान की किस्मत, 1.65 लाख रुपए का हुआ तगड़ा मुनाफा
21 अप्रैल 2026, भोपाल: खरबूजे की खेती से बदली अलीराजपुर के किसान की किस्मत, 1.65 लाख रुपए का हुआ तगड़ा मुनाफा – मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के विकासखंड कट्ठीवाड़ा के ग्राम मोरधी के निवासी कृषक मालसिंह ढेडू ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का लाभ लेकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। मालसिंह ढेडू बताते है कि वह पहले पारंपरिक खेती पर निर्भर थे और सीमित संसाधनों के कारण उनकी आय भी बहुत कम थी। वे पहले मुख्य रूप से मक्का की खेती करते थे, जिसमें अधिक पानी और लागत लगने के बावजूद उत्पादन अपेक्षाकृत कम होता था, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो जाता था।
वर्ष 2025–26 में उन्हें उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी मिली। तब उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” घटक के अंतर्गत ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाने का निर्णय लिया। इस योजना की कुल लागत 1,26,240 रूपये थी। जिसमें उद्यानिकी विभाग से उन्हें ₹50,506 का अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने अपने 1.00 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप प्रणाली स्थापित की। वह बताते है कि इस नई तकनीक के उपयोग से उन्हें न केवल पानी की बचत हुई, बल्कि उन्होंने फसल में भी बदलाव करते हुए खरबूजे जैसी नकदी फसल को अपनाया। वह बताते है कि पहले जहां 0.50 हेक्टेयर में मक्का उत्पादन से उन्हें लगभग 14 क्विंटल उपज और सीमित शुद्ध आय प्राप्त होती थी, वहीं ड्रिप सिंचाई अपनाने के बाद उसी क्षेत्र में खरबूजे की खेती से लगभग 150 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ और उनकी शुद्ध आय बढ़कर लगभग 1,65,000 रुपए तक पहुंच गई।
कृषक श्री मालसिंह ढेडू बताते है कि इस परिवर्तन से उनके जीवन में आर्थिक मजबूती आई है, जिससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहे हैं और खेती के प्रति उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ा है।
कृषक माल सिंह ढेडू ने नई तकनीक अपनाने और योजना के सफल क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने किसान हितैषी नीतियों के लिए प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी का आभार मानते हुए कहा कि यह योजना कम पानी से अधिक पैदावार करने में सहायक सिद्ध हो रहीं है। साथ ही वे अन्य किसानों के लिए एक प्रेरणा बन चुके हैं, जो यह दर्शाता है कि यदि किसान आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का सही तरीके से उपयोग करें तो वे अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उक्त सफलता की कहानी उद्यानिकी विभाग द्वारा दी गई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

