राज्य कृषि समाचार (State News)

MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम का कहर, कहीं लू तो कहीं बारिश-ओलावृष्टि, कई जिलों में 46°C तक पहुंचा पारा

28 अप्रैल 2026, भोपाल: MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम का कहर, कहीं लू तो कहीं बारिश-ओलावृष्टि, कई जिलों में 46°C तक पहुंचा पारा – भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भोपाल के मुताबिक मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में मिश्रित और अस्थिर परिस्थितियां दर्ज की गईं। सागर संभाग के कुछ क्षेत्रों में वर्षा हुई, जबकि ग्वालियर, रीवा और जबलपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश देखने को मिली। शेष सभी संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इसी दौरान छिंदवाड़ा, खजुराहो और नौगांव में लू का प्रभाव रहा, वहीं उज्जैन, रीवा, सतना और खजुराहो में गर्म रात्रि और उमरिया में तीव्र गर्म रात्रि दर्ज की गई।

प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली, जहां शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान में 2.5°C तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई। कई संभागों में तापमान सामान्य से 3°C से अधिक ऊपर रहा। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान खजुराहो (छतरपुर) में 46.0°C रिकॉर्ड किया गया, जो इस समय प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 15.0°C दर्ज हुआ।

प्रदेश के सबसे गर्म 5 जिले

खजुराहो (छतरपुर), नौगांव (छतरपुर), श्योपुर, विदिशा/दतिया/बैरसिया, टीकमगढ़ में तापमान 44°C से 46°C के बीच दर्ज किया गया।

सबसे ठंडे 5 जिले

पचमढ़ी, मलाजखंड, करौंदी/चित्रकूट, तालुन/दमोह और अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 15°C से 23°C के बीच रहा।

बारिश, आंधी और वज्रपात की स्थिति

प्रदेश के शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, सागर, पन्ना, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी और सतना जिलों में वज्रपात और वर्षा दर्ज की गई। पन्ना जिले में ओलावृष्टि और जबलपुर में धूलभरी आंधी की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर 40–59 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन और कृषि गतिविधियों पर असर देखा गया।

सिनॉप्टिक परिस्थितियां

IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा में चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन सक्रिय हैं, जिससे प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर आगे मध्यप्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

मौसम चेतावनी (IMD अलर्ट)

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भोपाल ने आगामी 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है।

– ऊष्ण लहर (Heat Wave): विदिशा, रायसेन, रतलाम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुरकलां, सतना, दमोह और सागर जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है।

– तेज आंधी और वज्रपात (40–50 किमी/घंटा हवाएं): 
ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, छिंदवाड़ा, मंडला, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में झंझावत और वज्रपात की चेतावनी है।

– पूर्वी और आदिवासी क्षेत्र: सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनुपपुर, शहडोल, डिंडोरी, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में भी तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

– गर्म रात: उमरिया जिले में गर्म रात की स्थिति बनी रह सकती है।

 किसानों के लिए विशेष सलाह

किसानों को सलाह दी गई है कि मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और नियमित सिंचाई करें तथा सुबह या शाम के समय ही पानी दें। तेज धूप में उर्वरक और कीटनाशकों का उपयोग न करें और मल्चिंग का प्रयोग करें। फसलों की समय पर कटाई करें और चूसक कीटों की निगरानी रखें।

पशुपालकों को पशुओं को छाया, साफ पानी और हवादार स्थान उपलब्ध कराने तथा दोपहर 12 से 4 बजे के बीच चराई से बचाने की सलाह दी गई है। गर्मी से बचाव के लिए पशुओं पर पानी का छिड़काव भी किया जाए।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements