Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व: 165 किसानों की लॉटरी से हुई चयन प्रक्रिया, मिलेंगे 55 ट्रैक्टर और इतने ही बुलेट व ई-स्कूटर

29 अक्टूबर 2026, भोपाल: किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व: 165 किसानों की लॉटरी से हुई चयन प्रक्रिया, मिलेंगे 55 ट्रैक्टर और इतने ही बुलेट व ई-स्कूटर – मध्यप्रदेश में किसानों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं, कृषि विकास और आधुनिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ राज्य स्तरीय इनामी क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं का चयन किया गया है। 27 अक्टूबर 2026 को चयन समिति ने लॉटरी के माध्यम से प्रदेश के सभी 55 जिलों से विजेताओं का चयन किया। सभी विजेताओं को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की संयुक्त पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भोपाल जिले के प्रथम स्थान पर रहे संदीप वर्मा को ट्रैक्टर, द्वितीय स्थान की विजेता सुहानी राजपूत को बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय स्थान के विजेता समीर गौड़ को ई-स्कूटर प्रदान करेंगे। अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि पुरस्कारों की दृष्टि से यह प्रतियोगिता देश में अपने प्रकार की पहली और सबसे बड़ी पहल है। इसके तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

40 हजार से अधिक किसानों ने लिया हिस्सा

श्रीराम तिवारी ने बताया कि ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक किया गया था। इसमें किसानों के कल्याण, कृषि विकास और शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित 24 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों को प्रश्न हल करने के लिए 24 मिनट का समय दिया गया। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित था, जबकि गलत उत्तर या प्रश्न छोड़ने पर कोई नकारात्मक अंक नहीं था। प्रतिभागियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को मान्य किया गया।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने भाग लिया। इनमें से 15,298 प्रतिभागियों ने सभी 24 प्रश्नों के सही उत्तर देकर अंतिम मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। सूची में 13,091 पुरुष, 2,201 महिलाएं और छह अन्य प्रतिभागी शामिल हैं। आयु वर्ग के अनुसार 108 प्रतिभागी 18 वर्ष तक, 9,408 प्रतिभागी 19 से 40 वर्ष तथा 5,782 प्रतिभागी 40 वर्ष से अधिक आयु के हैं।

सभी 55 जिलों से चुने गए विजेता

प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 55 जिलों से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया है। इस प्रकार कुल 165 किसानों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। भोपाल जिले में संदीप वर्मा, सुहानी राजपूत और समीर गौड़ क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे।

उज्जैन जिले से रोहित अंजना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इंदौर से जितेन्द्र मौर्य, देवास से मनोहर पंवार, रतलाम से जितेंद्र गुर्जर, शाजापुर से तेजकुँवर बाई परमार और आगर मालवा से पवन कुमार अपने-अपने जिलों में प्रथम स्थान पर रहे। इसी तरह प्रदेश के अन्य जिलों से भी विजेताओं का चयन किया गया है।

श्रीराम तिवारी ने बताया कि सभी चयनित विजेताओं के नाम वीर भारत न्यास की वेबसाइट https://quiz.veerbharatnyas.com/vijeta पर अपलोड कर दिए गए हैं। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोहों में विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ कृषि क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाना और किसान कल्याण, स्वाभिमान एवं समृद्धि के प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाना है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture