MP Weather Update: मध्यप्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश, तेज आंधी का असर; अगले 4 दिन में और आगे बढ़ेगा मानसून
27 जून 2026, भोपाल: MP Weather Update: मध्यप्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश, तेज आंधी का असर; अगले 4 दिन में और आगे बढ़ेगा मानसून – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय होता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के भोपाल, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग के कई जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जबकि इंदौर, ग्वालियर, रीवा और जबलपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई।
वहीं चंबल, शहडोल और सागर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि शेष क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों में मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई है।
कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर
आईएमडी के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान बालाघाट और विदिशा जिले में भारी बारिश दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक वर्षा वारासिवनी (बालाघाट) में 74.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पठारी (65.6 मिमी), सिरोंज (53 मिमी), आमला (48 मिमी), सोनकच्छ (47 मिमी), नर्मदापुरम (46.6 मिमी), बेगमगंज (46 मिमी), तराना (45.1 मिमी), उदयनगर (45 मिमी), टोंकखुर्द (42 मिमी), ताल (42 मिमी), देवरी-रायसेन (41.3 मिमी) और पिपरिया (40.9 मिमी) में भी अच्छी बारिश हुई।
बारिश के साथ कई जिलों में तेज हवाएं भी चलीं। इंदौर में 44 किमी प्रति घंटा, नरसिंहपुर में 43 किमी प्रति घंटा, सीहोर और सतना में 41 किमी प्रति घंटा, गुना में 39 किमी प्रति घंटा, बड़वानी और जबलपुर में 37 किमी प्रति घंटा, आगर, सागर और शहडोल में 33 से 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंके दर्ज किए गए।
तापमान में भी दिखा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस नौगांव (छतरपुर) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस खंडवा में रिकॉर्ड किया गया।
सबसे कम अधिकतम तापमान खरगोन (29.8 डिग्री), बैतूल (30.5 डिग्री), सिवनी (31 डिग्री), खंडवा (31.1 डिग्री) और अमरकंटक (31.3 डिग्री) में दर्ज हुआ।
सिनोप्टिक मौसम परिस्थिति
आईएमडी के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में राजस्थान से ओडिशा तक मध्य समुद्र तल पर मौसमी ट्रफ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तरी गुजरात और सौराष्ट्र के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। हरियाणा के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ तथा उत्तरी पंजाब और उससे सटे पाकिस्तान क्षेत्र में भी चक्रवाती परिसंचरण का असर बना हुआ है। इन सभी मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। मानसून के आगे बढ़ने के साथ मध्यप्रदेश के अन्य हिस्सों में भी वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
इन जिलों के लिए चेतावनी
आईएमडी ने देवास, डिंडोरी, छिंदवाड़ा और सागर जिलों में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में भी गरज-चमक, वज्रपात तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने के समय खुले मैदानों एवं पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

