मुरैना: उर्वरक विक्रेता का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित
06 अगस्त 2026, मुरैना: मुरैना: उर्वरक विक्रेता का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित – कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार विकासखंड अम्बाह स्थित एक उर्वरक विक्रेता द्वारा खाद वितरण एवं भंडारण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने संबंधित फर्म का उर्वरक पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड अम्बाह के अनुसार आवेदिका श्रीमती गायत्री देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नीरज उपाध्याय खाद भंडार पर उर्वरक का टोकन उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराया गया। शिकायत के परीक्षण हेतु तहसीलदार अम्बाह एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित विक्रेता ने जानबूझकर अपनी दुकान बंद रखी थी तथा शिकायतकर्ता को उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया। निरीक्षण के समय विक्रेता सामने स्थित एक मिल की दुकान पर बैठा मिला।
जांच के दौरान उर्वरक के भंडारण एवं वितरण संबंधी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। साथ ही विक्रेता आवश्यक अभिलेख, पी.ओ.एस. मशीन से संबंधित जानकारी तथा भंडारण संबंधी रिकॉर्ड प्रस्तुत करने में भी असफल रहा। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मैसर्स नीरज उपाध्याय खाद भंडार (प्रो. नीरज उपाध्याय), मुरैना रोड, अम्बाह, जिला मुरैना को जारी उर्वरक पंजीयन क्रमांक आरएस/419/1404/9/2019 (जारी दिनांक 18 जुलाई 2013, वैधता 18 जुलाई 2027 तक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभाग द्वारा संबंधित फर्म को आदेश जारी होने की तिथि से तीन दिवस के भीतर कार्यालयीन समय में आवश्यक अभिलेखों सहित उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया है। निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत न करने अथवा उत्तर असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में उर्वरक पंजीयन निरस्त करने की एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

