झाबुआ में बढ़ेगा आम-अमरूद का रकबा, कलेक्टर ने दिए क्लस्टर विस्तार के निर्देश
30 अगस्त 2026, झाबुआ: झाबुआ में बढ़ेगा आम-अमरूद का रकबा, कलेक्टर ने दिए क्लस्टर विस्तार के निर्देश – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शनिवार को राणापुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर किसानों के खेतों और उद्यानिकी गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से फसलों की स्थिति की जानकारी ली और उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कलेक्टर ने ग्राम कुशलपुरा में कृषक श्री रिचू भीमा हटीला के मिर्ची के खेत का निरीक्षण किया और फसल की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उनके खेत में आम के पौधे का रोपण भी किया गया।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम कन्जावानी में राज्य पोषित योजना के तहत विकसित कृषक श्री कमलेश सोलंकी के आम के बगीचे का निरीक्षण किया। कृषक की कुल 3 हेक्टेयर भूमि में से 0.4 हेक्टेयर क्षेत्र में आम का बगीचा विकसित किया गया है। इसके लिए उन्हें योजना के तहत 1.50 लाख रुपये का लाभ प्राप्त हुआ है। बगीचे में मल्लिका, दशहरी, केसर और राजापुरी किस्म के आम के पौधे लगाए गए हैं। कृषक श्री सोलंकी ने बताया कि वे बगीचे में 50 अतिरिक्त आम के पौधे भी लगाएंगे।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कृषक को आम के बगीचे के साथ अंतरवर्तीय फसल के रूप में कस्तूरी भिंडी और सफेद हल्दी की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इससे उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग होगा और कृषक की अतिरिक्त आय के अवसर भी बढ़ेंगे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को बताया गया कि राणापुर विकासखंड में वर्तमान में 30 हेक्टेयर क्षेत्र में आम और 25 हेक्टेयर क्षेत्र में अमरूद के क्लस्टर विकसित किए गए हैं। कलेक्टर ने उद्यानिकी फसलों की संभावनाओं को देखते हुए आम और अमरूद के क्लस्टर क्षेत्र को और बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को उद्यानिकी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया, ताकि किसान उद्यानिकी फसलों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें। इस दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

