राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों को बड़ी सुविधा: खाद के लिए लंबी लाइन से छुटकारा, ऐसे मोबाइल से बुक करें ई-टोकन  

16 अप्रैल 2026, भोपाल: किसानों को बड़ी सुविधा: खाद के लिए लंबी लाइन से छुटकारा, ऐसे मोबाइल से बुक करें ई-टोकन   – मध्यप्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब खाद (उर्वरक) खरीदने के लिए सहकारी समितियों या दुकानों के बाहर घंटों लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। किसान अब घर बैठे अपने मोबाइल फोन से ई-टोकन बुक कर सकेंगे और निर्धारित स्थान से आसानी से खाद प्राप्त कर सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद का ई-टोकन जनरेट किया जाएगा। किसान अपनी पात्रता और विकल्प के अनुसार पोर्टल पर टोकन बुक कर सकेंगे और तय केंद्र से तुरंत खाद प्राप्त कर पाएंगे। इस प्रणाली के तहत सहकारी समितियों के सदस्यों के साथ-साथ गैर-सदस्यों, बटाईदार किसानों और ट्रस्ट या मंदिर की भूमि पर खेती करने वाले किसानों को भी ई-टोकन के जरिए खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

समिति सदस्य किसानों को उनकी संबंधित समिति के स्टॉक की जानकारी के साथ निर्धारित मात्रा का 50 प्रतिशत आवंटन दिया जाएगा। वहीं, गैर-सदस्य किसानों को नजदीकी निजी दुकानों की जानकारी के साथ टोकन जारी किया जाएगा।

मोबाइल से ऐसे मिलेगा ई-टोकन

किसान अपने मोबाइल फोन से पोर्टल पर जाकर या सीएससी सेंटर, एमपी ऑनलाइन केंद्र आदि के माध्यम से ई-टोकन जनरेट कर सकते हैं। टोकन में किसान को मिलने वाली खाद की मात्रा और वितरण स्थल की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज होगी।

जानकारी के अनुसार, वर्तमान में बड़वानी जिले में ई-विकास प्रणाली के तहत 634 ई-टोकन के माध्यम से कुल 254 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है।

फॉर्मर आईडी पर भी जोर

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल या फार्मर आईडी बनवा लें। इसके लिए किसान अपने क्षेत्र के पटवारी या स्थानीय केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं।

फार्मर आईडी बनने के बाद किसान स्वयं ई-विकास पोर्टल पर ई-टोकन जनरेट कर सकेंगे और समय पर उर्वरक का अग्रिम भंडारण कर पाएंगे, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकेगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements