Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

भोपाल में स्टेकहोल्डर-कम-बायर-सेलर मीट 2026 आयोजित, महिला किसानों को बाजार से जोड़ने पर जोर

28 अक्टूबर 2026, भोपाल: भोपाल में स्टेकहोल्डर-कम-बायर-सेलर मीट 2026 आयोजित, महिला किसानों को बाजार से जोड़ने पर जोर – मध्य प्रदेश की महिला किसानों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और कारोबार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से भोपाल में स्टेकहोल्डर-कम-बायर-सेलर मीट 2026 का आयोजन किया गया। होटल सयाजी में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में महिला किसान उत्पादक समूहों को संभावित खरीदारों, वित्तीय संस्थानों और विभिन्न कृषि क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेस द्वारा एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से संचालित स्पाइस-अप परियोजना (SBIF LEAP: SPICE UP) के अंतर्गत किया गया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (MPSRLM) के अंतर्गत धार, गुना और खरगोन जिलों में गठित महिला किसान उत्पादक समूहों सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 110 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा मसाला खरीदारों, वित्तीय संस्थानों, सरकारी विभागों, कृषि क्षेत्र से जुड़े संगठनों और विकास सहयोगियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला किसानों के उत्पादों के लिए भरोसेमंद बाजार संपर्क विकसित करना, व्यावसायिक साझेदारी के अवसर बढ़ाना और उत्पादक समूहों को बाजार की मांग के अनुसार अपना कारोबार आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

150 उत्पादक समूहों से 2,250 महिला किसानों को जोड़ने का लक्ष्य

एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से संचालित स्पाइस-अप परियोजना के तहत परियोजना अवधि में 150 उत्पादक समूहों के माध्यम से 2,250 महिला किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेस की इस पहल का उद्देश्य महिला किसान उत्पादक समूहों की व्यावसायिक क्षमता को मजबूत करना, मसालों के उत्पादन एवं विपणन को बढ़ावा देना और किसानों के लिए स्थायी आजीविका के साथ बेहतर आय के अवसर विकसित करना है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

कार्यक्रम की शुरुआत एक्सेस डेवलपमेंट सर्विस, नई दिल्ली के वाइस प्रेसिडेंट-फार्म श्री राजेश पंत के स्वागत उद्बोधन से हुई। इसके बाद टीम लीडर श्री सशेष सिंह ने स्पाइस-अप परियोजना की रूपरेखा और आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के कृषि विकास संचालनालय के संयुक्त संचालक श्री कमल जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने संबोधित किया। विशिष्ट अतिथियों में स्पाइसेज़ बोर्ड ऑफ इंडिया के वैज्ञानिक एवं उप निदेशक डॉ. भारत अरुण गुडाडे, नाफेड के कार्यकारी अधिकारी श्री धनराज बारबडे और डायरेक्टरेट ऑफ मार्केटिंग एंड इंस्पेक्शन के सहायक विपणन सलाहकार श्री अक्षय याकूब शामिल रहे। अतिथियों ने महिला किसान उत्पादक समूहों के व्यावसायिक विकास, बाजार संपर्क मजबूत करने, संस्थागत सहयोग बढ़ाने और किसानों को बाजार की जरूरतों के अनुरूप नए अवसर उपलब्ध कराने पर अपने विचार रखे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

मसालों की गुणवत्ता और विपणन पर तकनीकी सत्र

कार्यक्रम के दौरान स्पाइसेज़ बोर्ड के सहायक निदेशक श्री आशीष जायसवाल ने मसालों की गुणवत्ता, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से संबंधित तकनीकी जानकारी दी। वहीं, ‘खेत से वैश्विक बाजार तक’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में खरीदारों की अपेक्षाओं और बाजार में उपलब्ध अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। दूसरी पैनल चर्चा में उत्पादक समूहों को ऋण, सरकारी योजनाओं और तकनीक से जोड़ने पर चर्चा हुई। इसमें संस्थागत ऋण, सरकारी योजनाओं और उपयुक्त तकनीकों की उपलब्धता जैसे विषयों पर जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान एक महिला उत्पादक समूह की सदस्य ने अपनी सफलता की यात्रा भी साझा की। इसके अलावा धार, खरगोन और गुना की महिला उत्पादक समूहों की प्रतिनिधियों ने खरीदारों के सामने अपने उत्पाद प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंतिम चरण में खरीदारों और उत्पादक समूहों के बीच आमने-सामने बैठकें आयोजित की गईं।

कई संस्थानों ने लिया हिस्सा

बायर-सेलर मीट में NAFED, ITC, Zomato, Reliance, P.C Kannan & Co, Bhunijan Agri, Udyami Spices, Vrindaamrit Organic, EcoEra Overseas, DM Exim, Nexus Global और NBHC सहित विभिन्न संस्थानों एवं खरीदार संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त Vanproz, नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन, सॉलिडेरिडाड और NCDEX के प्रतिनिधियों ने अपनी सेवाओं, व्यावसायिक अवसरों और उत्पादक समूहों के साथ संभावित सहयोग की जानकारी दी। इन चर्चाओं के माध्यम से महिला किसान समूहों के प्रतिनिधियों को मसालों और अन्य कृषि उत्पादों के विपणन, खरीदारों की जरूरतों, गुणवत्ता मानकों और बाजार की मांग को समझने का अवसर मिला। साथ ही, संभावित व्यावसायिक साझेदारी और प्रत्यक्ष बाजार संपर्क विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

बैंकिंग और वित्तीय सहायता की जानकारी दी

महिला किसान उत्पादक समूहों को अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए वित्तीय संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यक्रम में एक्सिस बैंक और नव-किसान (NABKISAN) के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने उत्पादक समूहों की जरूरतों के अनुसार उपलब्ध ऋण सुविधाओं, वित्तीय सहायता और कार्यशील पूंजी से जुड़े विकल्पों की जानकारी दी। वित्तीय संस्थानों के साथ हुई चर्चा में कृषि उपज की खरीद, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन गतिविधियों के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों तथा संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर जानकारी साझा की गई। इससे उत्पादक समूहों को अपने कृषि व्यवसाय के विस्तार के लिए उपलब्ध वित्तीय विकल्पों को समझने का अवसर मिला।

महिला किसान समूहों को व्यावसायिक रूप से मजबूत करने की पहल

स्टेकहोल्डर-कम-बायर-सेलर मीट 2026 का उद्देश्य महिला किसानों के नेतृत्व वाले उत्पादक समूहों को बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करना और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए नए अवसर विकसित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से उत्पादक समूहों और खरीदारों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ वित्तीय संस्थानों एवं अन्य संगठनों के सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। स्पाइस-अप परियोजना के अंतर्गत आयोजित यह पहल महिला किसान उत्पादक समूहों की व्यावसायिक क्षमता मजबूत करने, मसाला उत्पादन एवं विपणन को प्रोत्साहित करने और उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture