जबलपुर में नकली DAP खाद पर बड़ी कार्रवाई, कृषि विभाग ने 60 बोरी जब्त कर जांच शुरू की
18 जुलाई 2026, जबलपुर: जबलपुर में नकली DAP खाद पर बड़ी कार्रवाई, कृषि विभाग ने 60 बोरी जब्त कर जांच शुरू की – मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली होने की आशंका पर 60 बोरी डीएपी जब्त की है। जब्त खाद के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित उर्वरक विक्रेता, वाहन मालिक एवं क्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी।
उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास उमेश कुमार कटहरे के अनुसार कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार चल रहे अभियान के तहत गुप्त सूत्रों से मिली सूचना पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी जबलपुर श्रीमती प्रतिभा गौर के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार को मझौली चौराहा कटनी रोड पनागर में फैमिली रेस्टोरेंट के पास एक मिनी ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 60 बोरी डीएपी खाद पाई गई।
श्री कटहरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खाद नकली प्रतीत होने पर उसके नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। वाहन चालक से खाद के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जानकारी या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कृषि अधिकारियों ने मिनी ट्रक सहित खाद को पनागर थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित उर्वरक विक्रेता, वाहन मालिक एवं खरीदार के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

