महाराष्ट्र: सोलर कृषि फीडर योजना से 8 लाख किसान लाभान्वित, क्षमता बढ़ाकर 10,000 मेगावाट होगी
11 मार्च 2026, भोपाल: महाराष्ट्र: सोलर कृषि फीडर योजना से 8 लाख किसान लाभान्वित, क्षमता बढ़ाकर 10,000 मेगावाट होगी – महाराष्ट्र सरकार किसानों को दिन के समय सस्ती और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही सोलर कृषि फीडर योजना (मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0) के तहत अब तक लगभग 8 लाख किसान लाभान्वित हो चुके हैं। राज्य सरकार अब इस योजना की क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है, ताकि और अधिक किसानों तक दिन में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत 4,000 मेगावाट क्षमता वाले प्रोजेक्ट का काम पूरा हो चुका है। इसके अगले चरण में इस क्षमता को 10,000 मेगावाट तक बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के विस्तार के बाद राज्य के लगभग 75 प्रतिशत किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।
सोलर पंप से सिंचाई में सुविधा
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ‘मागेल त्याला सौर कृषि पंप योजना’ के तहत किसानों को सौर ऊर्जा से चलने वाले कृषि पंप प्रदान किए जा रहे हैं। इन पंपों से किसानों को सिंचाई के लिए पारंपरिक बिजली पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और उनकी खेती की लागत कम होती है। एक महिला किसान के उदाहरण के जरिए उन्होंने बताया कि सोलर पंप से दिन में सिंचाई करने के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली को बैटरी और कैपेसिटर में स्टोर किया जा सकता है, जिसका उपयोग रात में घरेलू जरूरतों के लिए भी किया जा सकता है।
दिन में 10 घंटे बिजली देने का लक्ष्य
फडणवीस ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि किसानों को दिन में कम से कम 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए, जबकि अभी कई क्षेत्रों में औसतन लगभग 8 घंटे बिजली मिल रही है। इस योजना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन ने इसे प्रमुख पहल के रूप में चिह्नित किया है।
भविष्य की योजनाएं और बैटरी स्टोरेज सिस्टम
आने वाले चरण में बैटरी स्टोरेज सिस्टम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सौर ऊर्जा का बेहतर उपयोग हो और बिजली ग्रिड के साथ इसका समन्वय बेहतर ढंग से हो सके। इससे किसानों को दिन में बिजली के अलावा जरूरत पड़ने पर रात में भी बिजली का उपयोग करने की सुविधा मिलेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

