Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मिल्क कैपिटल बनेगा मध्यप्रदेश, हर साल किसानों को मिलेंगी 1 लाख उन्नत नस्ल की बछिया: सीएम डॉ. मोहन यादव

14 नवंबर 2026, भोपाल: मिल्क कैपिटल बनेगा मध्यप्रदेश, हर साल किसानों को मिलेंगी 1 लाख उन्नत नस्ल की बछिया: सीएम डॉ. मोहन यादव – मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर लाने के लिए राज्य सरकार पशुपालन को बढ़ावा दे रही है। इसी दिशा में प्रदेश में हर साल एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी इजाफा होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले का शुभारंभ करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेती-किसानी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। किसानों को खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से भी जुड़ना चाहिए। इससे उनके खेत-खलिहान और घरों में समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में ढाई करोड़ से अधिक पशुधन है। इनमें एक करोड़ से अधिक गौवंश और शेष भैंसवंशी नस्ल के पशु हैं। इतना बड़ा पशुधन होने के बावजूद प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। वर्तमान में देश के कुल दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाना और दूध उत्पादन में नंबर-1 स्थान पर पहुंचाना है।

किसानों को मिलेंगी 1 लाख उन्नत नस्ल की बछिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उपलब्ध गौवंश की नस्ल में सुधार की जरूरत है। इसके लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश को एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इन्हें किसानों को दिया जाएगा, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि गुजरात में मध्यप्रदेश की तुलना में पशुधन कम होने के बावजूद वहां दूध का उत्पादन अधिक है। प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ उन्नत पशुधन के पालन-पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने कहा कि पशुपालन, बकरी पालन और कुक्कुट पालन किसानों की आय बढ़ाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। राज्य सरकार बिजली, पानी और सड़कों जैसी जरूरी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। किसान कल्याण वर्ष में अन्नदाताओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बीज से लेकर खेत तक और खेत से लेकर निर्यात तक सभी व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

पशुपालकों को ट्रैक्टर, बाइक और स्कूटी देकर किया सम्मानित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश के सभी विकासखंडों में स्थित वृंदावन ग्रामों में गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्कृष्ट दुधारू पशुओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विजेता पशुपालकों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ग्वालियर जिले के टेकनपुर के पशुपालक रामवीर सिंह को गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये दिए गए। उनकी गाय प्रतिदिन 14 लीटर दूध देती है।

इसके अलावा प्रदेश के सभी 55 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।

पांच शहरों में तैयार की गईं 10 हजार क्षमता वाली गौशालाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में बड़ी गौशालाएं विकसित की जा रही हैं। उज्जैन, इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में 10 हजार क्षमता वाली गौशालाएं तैयार की गई हैं। गौपालन के साथ प्राकृतिक और जैविक खेती को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिले में आधुनिक खेती के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम हो रहा है। यहां 619 फूड प्रोसेसिंग यूनिट संचालित हैं। जिले में आलू का टिश्यू कल्चर किया जा रहा है और 25 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। यहां 70 हजार पशुपालक 4 लाख से अधिक पशुधन का पालन कर रहे हैं और प्रतिदिन 605 मीट्रिक टन दूध का उत्पादन किया जा रहा है। जिले में धान, ज्वार, बाजरा और तिल की खेती भी बड़े स्तर पर होती है। ग्वालियर अब गजक के साथ आलू और मिलेट्स उत्पादन के लिए भी पहचान बना रहा है।

संबल योजना के हितग्राहियों को 175 करोड़ रुपये की सहायता

पशुपालक सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के 7 हजार से अधिक श्रमिकों के खातों में 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजना के 34.58 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 207.48 करोड़ रुपये की पेंशन राशि भेजी।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर ग्राम कुलैथ के जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा निहिथपुर से महेश्वरा तक एक किलोमीटर पक्की सड़क, लंका वाले हनुमान मंदिर तक पक्की सड़क और एक अन्य मार्ग के निर्माण की घोषणा की। ग्रामीणों की मांग पर गांव में सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की।

50 लाख संपत्तियों की मुफ्त रजिस्ट्री का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्थित संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना शुरू की गई है। इसके तहत पात्र हितग्राहियों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाया जाएगा। राज्य सरकार ने प्रदेश में 50 लाख नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य रखा है। इससे गांवों में पट्टाधारी संपत्ति के मालिक अपनी जरूरत के लिए बैंकों से ऋण भी ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने हालिया स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरस्कार मिलने पर ग्वालियर के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, देवास, जबलपुर, रीवा, सागर, बुधनी और देपालपुर सहित 9 शहरों को स्वच्छता पुरस्कार मिले हैं।

कार्यक्रम को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा, शिवराज सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, मध्यप्रदेश राज्य कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, विधायक मोहन सिंह राठौर, कौशल शर्मा, लोकेन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पशुपालक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture