राज्य कृषि समाचार (State News)

भीषण गर्मी से तप रहा मध्यप्रदेश: राजगढ़ में पारा 45°C पहुंचा, दतिया-भिंड समेत कई जिलों में तीव्र लू की चेतावनी  

18 मई 2026, भोपाल: भीषण गर्मी से तप रहा मध्यप्रदेश: राजगढ़ में पारा 45°C पहुंचा, दतिया-भिंड समेत कई जिलों में तीव्र लू की चेतावनी – भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि कई इलाकों में लू और तीव्र ऊष्ण लहर की स्थिति देखने को मिली। रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान राजगढ़ में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रतलाम में भी लू का प्रभाव बना रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं उज्जैन संभाग में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहा।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा करौंदी (कटनी) में 21.4 डिग्री, अमरकंटक में 23.1 डिग्री और रीवा में 24.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। दूसरी ओर सबसे अधिक न्यूनतम तापमान बड़वानी के तालुन में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान की बात करें तो राजगढ़ 45 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। रतलाम में 44.8 डिग्री, विदिशा में 44.6 डिग्री, खंडवा में 44.5 डिग्री और छतरपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मानसून की प्रगति और सिनॉप्टिक मौसम परिस्थिति

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 18 मई को दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक आगे बढ़ गया है। अगले 3 से 4 दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तरी ईरान और आसपास के क्षेत्रों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं पश्चिम मध्यप्रदेश से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर देखने को मिल रहा है।

इन जिलों में हीटवेव और तीव्र लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने दतिया, भिंड, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं तीव्र ऊष्ण लहर चलने की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, सतना, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह और सागर जिलों में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

किसानों के लिए IMD की विशेष सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को गर्मी और लू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। सुबह या शाम के समय सिंचाई करने से पानी की बर्बादी कम होगी और फसलों को अधिक लाभ मिलेगा।

विशेषज्ञों ने खेतों में मल्चिंग अपनाने की सलाह दी है ताकि मिट्टी की नमी बनी रहे। तेज गर्मी के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव न करने की हिदायत दी गई है। फसलों में चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने और आवश्यकता अनुसार समय पर नियंत्रण उपाय अपनाने को कहा गया है।

पशुपालकों को भी पशुओं को छायादार और हवादार स्थान पर रखने, दिन में 3 से 4 बार स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने तथा दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक चराई से बचाने की सलाह दी गई है। गर्मी के तनाव को कम करने के लिए पशुओं पर पानी का छिड़काव करने और आहार में खनिज मिश्रण व नमक शामिल करने की भी सलाह दी गई है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements