मध्यप्रदेश: चना-मसूर खरीदी के लिए मनावर मंडी में नया केंद्र शुरू, किसानों को स्लॉट बुकिंग से मिलेगा लाभ
13 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: चना-मसूर खरीदी के लिए मनावर मंडी में नया केंद्र शुरू, किसानों को स्लॉट बुकिंग से मिलेगा लाभ – मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर चना एवं मसूर उपार्जन का कार्य जिले में सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मनावर क्षेत्र में एक अतिरिक्त उपार्जन केंद्र ‘बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बालीपुर’ को कृषि उपज मंडी समिति परिसर, मनावर में प्रारंभ किया गया है।
पूर्व में जिले के पांच केंद्रों निमखेड़ा, दत्तीगांव, बदनावर, देवला और सुसारी के माध्यम से 30 मार्च 2026 से उपार्जन प्रक्रिया जारी है, जिसके तहत अब तक 360 कृषकों से 12,668 क्विंटल चने की खरीदी की जा चुकी है। शासन के नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप, किसानों की सुगमता के लिए पूर्व में गोदाम स्तर पर स्थापित खरीदी केंद्रों को अब संबंधित क्षेत्र की कृषि उपज मंडी समितियों जैसे धार, राजगढ़, बदनावर, मनावर और कुक्षी में स्थानांतरित कर दिया गया है।
मंडी परिसर में खरीदी पूर्ण होने के उपरांत उपज का परिवहन निर्धारित गोदामों में भंडारण हेतु किया जाएगा। इस व्यवस्था से मनावर, गंधवानी और धरमपुरी क्षेत्र के किसान अब अपनी उपज का विक्रय देवला एवं बालीपुर समितियों के उपार्जन स्थल ‘कृषि उपज मंडी परिसर मनावर’ में स्लॉट बुकिंग के माध्यम से कर सकेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी चना एवं मसूर उत्पादक पंजीकृत किसान भाइयों से अपील की गई है कि वे शासन की इस जनहितैषी योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व खरीदी केंद्रों हेतु स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित करें। किसान भाई अपनी उपज को साफ-सुथरी और सुखाकर लाएं ताकि उपार्जन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें अपनी फसल का उचित समर्थन मूल्य प्राप्त हो सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

