मध्यप्रदेश: चम्पा चौधरी बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, बकरी पालन से कमा रहीं 1.20 लाख रुपए सालाना
21 अप्रैल 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: चम्पा चौधरी बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, बकरी पालन से कमा रहीं 1.20 लाख रुपए सालाना – मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले के ग्राम करवार की निवासी श्रीमती चम्पा चौधरी ने अपने अदम्य साहस, मेहनत और लगन से आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि यदि दृढ़ संकल्प और सही दिशा हो, तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
35 हजार रुपये से शुरू किया बकरी पालन
चम्पा चौधरी ने गोंडवाना स्व सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन में बदलाव की शुरुआत की। इस समूह के माध्यम से उन्होंने बकरी पालन का कार्य अपनाया, जो आगे चलकर उनकी आर्थिक उन्नति का प्रमुख साधन बना। शुरुआत में उनके पास संसाधनों की कमी थी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने समूह से 25 हजार रुपये का ऋण लिया और अपने 10 हजार रुपये मिलाकर कुल 35 हजार रुपये की पूंजी से इस कार्य की नींव रखी।
प्रारंभिक दौर में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा—अनुभव की कमी, पशुपालन की कठिनाइयाँ और सीमित साधन। लेकिन चम्पा चौधरी ने धैर्य, समर्पण और निरंतर प्रयास के बल पर इन सभी बाधाओं को पार किया। धीरे-धीरे उनका व्यवसाय मजबूत होता गया और उन्होंने सफलता की ओर कदम बढ़ाना जारी रखा।
सालाना कमा रहे 1.20 लाख रुपए
आज उनकी मेहनत का परिणाम यह है कि बकरी पालन से उनकी वार्षिक आय लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये तक पहुँच गई है। इस आय से वे न केवल अपने परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा कर रही हैं, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य को भी संवार रही हैं।
चम्पा चौधरी की यह सफलता कहानी केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है। उनकी उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।उनकी यह प्रेरणादायक यात्रा आज गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। चम्पा चौधरी ने अपने कार्यों से यह साबित कर दिया है कि सच्ची मेहनत और दृढ़ निश्चय के साथ हर कठिनाई को अवसर में बदला जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

