राज्य कृषि समाचार (State News)

नरवाई प्रबंधन अभियान हेतु कृषि विभाग द्वारा कृषक चौपाल लगाई  

29 अप्रैल 2025, गुना: नरवाई प्रबंधन अभियान हेतु कृषि विभाग द्वारा कृषक चौपाल लगाई – कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा जिले में नरवाई जलाने पर प्रतिबंध लगाये जाने संबंधी आदेश जारी  किए गए  हैं। जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। उप संचालक, किसान कल्‍याण तथा कृषि विकास विभाग जिला गुना द्वारा अपने मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि नरवाई जलने की घटनाओं को रोकने के लिए समस्त मैदानी अमला क्षेत्र में भ्रमण कर कृषक चौपाल का आयोजन करें एवं किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के संबंध में जागरूक करें।

 उप संचालक कृषि द्वारा अपने अधीनस्थ अमले के साथ विकासखंड बमौरी के ग्राम विसोनिया, विलास, बचावदा एवं चकपरसीखेडा में कृषक चौपाल लगाकर उपस्थित कृषकों को समझाइश दी गई कि खेतों में नरवाई न जलाएं, नरवाई जलाने से न केवल मिट्टी की गुणवत्ता को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि लाभकारी जीव भी नष्ट हो जाते है, जिससे मिट्टी की उर्वरता कम हो जाती है एवं पर्यावरण प्रदूषण से मानव स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पडता है। नरवाई में आग लगाने से जान-माल की हानि की संभावना बनी रहती है।

किसानों से आग्रह किया गया कि फसल अवशेषों को जलाने की बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता से मिट्टी में मिलायें , जिससे उत्‍पादन में सुधार होगा एवं वायु प्रदूषण की समस्‍या से भी बचाव होगा। इसके अतिरिक्‍त जिले में ग्राम गोदालपुर, गढ़लागिर्द, देवरीडांग, भूलाये, बरखेडा, मातामूडरा, करोद, शेखपुर, हिनोतिया, पेंची इत्‍यादि ग्रामों में कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा कृषक चौपाल का आयोजन कर कृषकों को नरवाई प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही कृषकों से अपील की गई कि खरीफ मौसम हेतु अभी से ही आवश्‍यकतानुसार खाद का उठाव कर लें, जिससे आगामी सीजन में कृषकों को खाद के लिये किसी प्रकार की कोई समस्‍या का सामना करना न  पड़े ।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com