छत्तीसगढ़ में खरीफ की बोनी 98% पूरी, 47.86 लाख हेक्टेयर में किसानों ने की बुवाई
11 सितंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ में खरीफ की बोनी 98% पूरी, 47.86 लाख हेक्टेयर में किसानों ने की बुवाई – छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की खेती-किसानी का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। 9 सितंबर 2026 की स्थिति में राज्य में 47.86 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 98 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है। धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल समेत विभिन्न फसलों की बोनी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर किसानों को खेती-किसानी के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। खाद-बीज वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही होने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भंडारण रखने और उसकी लगातार निगरानी करने को कहा गया है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रख रहे हैं।
किसानों को 12.71 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.71 लाख क्विंटल बीज मिला
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के किसानों को अब तक 12.71 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.71 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। खरीफ सीजन की बोनी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है और राज्य में 47.86 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बुवाई पूरी हो चुकी है।
राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्र में 17.15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। इस भंडारण में से किसानों को अब तक 12.71 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है। यह निर्धारित लक्ष्य का 74 प्रतिशत है।
बीज वितरण का 93 प्रतिशत लक्ष्य पूरा
खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम ने प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा था। इसके मुकाबले 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया और अब तक किसानों को 4.71 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है। यह मांग का 93 प्रतिशत है।
प्रदेश में 927.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज
अधिकारियों के अनुसार, 8 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 927.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। जिलों में आज तक दर्ज औसत वर्षा पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा 940.5 मिलीमीटर से 12.6 मिलीमीटर कम है। वहीं, पिछले वर्ष इसी अवधि में प्रदेश में 960.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।
किसानों को 7996.96 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण
राज्य सरकार किसानों को खेती-किसानी में सुविधा देने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है। कृषि विभाग के मुताबिक, चालू खरीफ सीजन 2026 में 7 सितंबर की स्थिति में किसानों को 7996.96 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 6636.56 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया था। इस साल किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

