जबलपुर : कलेक्टर ने पराली प्रबंधन कार्यों का लिया जायजा
14 नवंबर 2026, जबलपुर: जबलपुर : कलेक्टर ने पराली प्रबंधन कार्यों का लिया जायजा – पराली प्रबंधन के प्रति किसानों को जागरूक करने और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा आज गुरुवार को पनागर विकासखंड के ग्राम उमरिया चौबे और ग्राम नुनिया कला पहुंचे। उन्होंने खेतों का भ्रमण कर फसल कटाई के बाद बचने वाले अवशेषों के प्रबंधन के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बेलर यूनिट के माध्यम से खेतों में बचे फसल अवशेषों के संग्रहण तथा हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर के माध्यम से बिना पराली जलाए बोनी किए जाने की प्रक्रिया का जायजा लिया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने खेत में स्वयं ट्रैक्टर पर बैठकर बेलर यूनिट से पराली संग्रहण के कार्य को करीब से देखा तथा सुपर सीडर के माध्यम से बोनी की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक कृषि यंत्रों के संचालन और फसल अवशेषों के प्रबंधन के तरीकों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर पराली प्रबंधन के लिए अपनाई जा रही तकनीकों और उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को समझाइश दी कि पराली जलाने से खेत की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से बिना पराली जलाए अगली फसल की बोनी की जा सकती है। उन्होंने मौके पर मौजूद बेलर यूनिट एवं कृषि यंत्र संचालकों से भी चर्चा की। किसानों ने कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता तथा खेतों में नमी की स्थिति के अनुसार बोनी करने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से उन्हें अवगत कराया।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को कृषक संगठनों के साथ बैठक कर किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने और उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को पराली प्रबंधन के लिए समय पर बेलर यूनिट उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की बोनी समय पर सुनिश्चित करने के साथ फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन भी जरूरी है। इसके लिए किसानों, कृषि विभाग और कृषि यंत्र संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि खेती को लाभकारी बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी हासिल किया जा सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसडीएम कलावती ब्यारे, कृषि यंत्री श्री जीसी मर्सकोले, कृषि उप संचालक उमेश कटहरे तथा संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


