राज्य कृषि समाचार (State News)

फसल अवशेष जलाने की घटनाओं की जांच कर कार्रवाई करें – सतना कलेक्टर

23 अप्रैल 2026, सतना: फसल अवशेष जलाने की घटनाओं की जांच कर कार्रवाई करें – सतना कलेक्टर – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सतना जिले में फसल अवशेष, नरवाई को जलाने पर प्रतिबंध के बाद भी फसल अवशेष जलाने और उनसे होने वाली दुर्घटनाओं को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने सभी संबंधित एसडीएम और उप संचालक कृषि को पुनः निर्देशित किया है कि फसल अवशेष जलाने से होने वाली दुर्घटनाओं की जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही करें।

 कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस ने धारा 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत सतना जिले की राजस्व सीमा में पहले से ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी एवं सभी संबंधित अधिकारियों को कलेक्टर ने एक बार फिर से आगजनी और नरवाई में आग लगाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने सभी नगर परिषद, नगर निगम को पूर्व में स्पष्ट निर्देश दिये थे कि संस्था में उपलब्ध अग्निशमन यंत्र (फायर ब्रिगेड) चालू हालत में पानी के साथ तैयार अवस्था में रखे जाये और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना किये  जाएं । इसी प्रकार जनपद पंचायत और जिला पंचायत के माध्यम से सभी ग्राम पंचायत सचिव और ग्रामीण अमले को निर्देशित किया गया था कि ग्राम पंचायतों में उपलब्ध कराये पानी के टैंकर हमेशा भरे हुए रखे जाये और आस पास आवश्यकता होने पर उन्हें तुरन्त घटना स्थल रवाना किया  जाए ।

ग्राम पंचायतों द्वारा नगर परिषद या अन्य स्थानों से उपलब्ध फायर बिग्रेड के मौके पर पहुंचने तक अग्नि दुर्घटना पर काबू पाने के प्रयास किये  जाएं । कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को फसल अवशेष में आग लगने से हुई दुर्घटनाओं में हुई क्षति का तत्काल मौके पर पहुंचकर आंकलन करने एवं राहत सहायता स्वीकृत कर प्रदान करने के निर्देश भी दिये है। उन्होंने कहा है कि सभी एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व अधिकारी अग्नि दुर्घटनाओं पर पैनी नजर रखे और फसल अवशेष में आग लगने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास करें। कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ घटना स्थल का मौका निरीक्षण कर जांच करें और निर्देशों के उल्लंघन पर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही करें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements