मध्यप्रदेश में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड: नौगांव में पारा 47°C पहुंचा; दतिया-भिंड समेत कई जिलों में लू का अलर्ट
20 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड: नौगांव में पारा 47°C पहुंचा; दतिया-भिंड समेत कई जिलों में लू का अलर्ट – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा, जबकि कई जिलों में लू और तीव्र लू की स्थिति दर्ज की गई। छतरपुर जिले के नौगांव में सबसे अधिक 47 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
IMD के मुताबिक रायसेन, राजगढ़, विदिशा, रतलाम, रीवा, सतना, खजुराहो, सागर, टीकमगढ़, दमोह, श्योपुर, दतिया, गुना और ग्वालियर जिलों में लू का प्रभाव रहा, जबकि नौगांव में तीव्र लू चली। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
प्रदेश में गर्म हवाओं के साथ तेज झोंकेदार हवाएं भी चलीं। अशोकनगर, सीहोर, ग्वालियर एयरपोर्ट और रीवा एयरपोर्ट पर 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके अलावा गुना में 35 किमी/घंटा, आगर में 33 किमी/घंटा और सतना-चित्रकूट क्षेत्र में 31 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी दर्ज की गई।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी
IMD के अनुसार नौगांव (छतरपुर) में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 46.4°C, विदिशा में 46.1°C, बैरसिया (भोपाल) में 45.9°C और दतिया में 45.8°C तापमान दर्ज हुआ।
वहीं सबसे कम अधिकतम तापमान पचमढ़ी में 36.6°C रहा। अलीराजपुर में 39.1°C, भैरूंदा (सीहोर) में 40.7°C और नर्मदापुरम व मरुखेड़ा (नीमच) में 41°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम प्रणाली और मानसून अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल दक्षिणी समुद्री क्षेत्रों से गुजर रही है और आगामी 3 से 4 दिनों में दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
IMD ने संभावना जताई है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। इसके अलावा उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू क्षेत्र के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन भी बनी हुई है, जिसका असर आने वाले दिनों में मौसम पर पड़ सकता है।
कई जिलों में तीव्र लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तीव्र ऊष्ण लहर यानी सीवियर हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। सतना जिले में भी तीव्र गर्मी की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकलां, रीवा, दमोह और सागर जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
सीहोर, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया और डिंडोरी जिलों में भी गर्म हवाओं का असर बना रहने की संभावना है। मंडला जिले में गर्म रात की स्थिति रहने का अनुमान जताया गया है।
अगले 5 दिनों तक राहत के आसार कम
IMD के अनुसार अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
किसानों और पशुपालकों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की और बार-बार सिंचाई करें। सिंचाई सुबह या शाम के समय करें ताकि पानी की बर्बादी कम हो। खेतों में मल्चिंग का उपयोग करने और तेज गर्मी के दौरान उर्वरक तथा कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है।
फसलों में चूसक कीटों की नियमित निगरानी करने और दोपहर की तेज गर्मी में दवा छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है। किसानों से कहा गया है कि फसलों की समय पर कटाई करें ताकि अत्यधिक गर्मी से नुकसान न हो।
पशुपालकों को पशुओं को छायादार और हवादार स्थान पर रखने, दिन में तीन से चार बार साफ पानी उपलब्ध कराने और आहार में खनिज मिश्रण व नमक शामिल करने की सलाह दी गई है। दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच पशुओं को चराने से बचने और गर्मी के तनाव को कम करने के लिए पानी का छिड़काव जैसे उपाय अपनाने को कहा गया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

