Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

भारत मंडपम के जी20 शिल्प बाज़ार में मध्य प्रदेश की हस्तशिल्प कला को सराहा  

13 सितम्बर 2023, भोपाल: भारत मंडपम के जी20 शिल्प बाज़ार में मध्य प्रदेश की हस्तशिल्प कला को सराहा – जी20 शिखर सम्मलेन में भाग ले रहे विदेशी प्रतिनिधियों और अन्यों के लिए भारत मंडपम के शिल्प बाज़ार में मध्यप्रदेश के समृद्ध हस्तशिल्प और जनजातीय कलाकृतियों की विस्तृत श्रंखला का प्रदर्शन किया गया । 9 और 10 सितम्बर, 2023 को हुए जी20 शिखर सम्मलेन के दौरान  इस शिल्प बाज़ार के मध्यप्रदेश पेवेलियन में प्रदेश के एक जिला-एक उत्पाद के अंतर्गत प्रसिद्ध और लोकप्रिय शिल्प का भी प्रदर्शन किया गया । मध्य प्रदेश हस्तशिल्प विकास निगम की प्रबंध संचालक सुश्री सुफिया फारुकी ने बताया  पेवेलियन में चंदेरी साड़ी, महेश्वरी साड़ी, बाघ और बुटिक प्रिंट, सीधी की दरियाँ, लौह शिल्प और मेटल की कलाकृतियाँ, गोंड पेंटिंग्स, जूट से निर्मित कैरी बैग्स, फाइल कवर्स, लेदर बैग्स, बाँस चटाई, ज़री वर्क इत्यादि के प्रदर्शन और बिक्री की व्यवस्था की गयी थी । खरीदे गये उत्पादों की पेकिंग इको-फ्रेंडली पेपर बैग में की गई। प्रदेश के पेवेलियन में वर्ष 2017 के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित श्री पवन झारिया द्वारा तारापुर की सुप्रसिद्ध हस्तथप्पा छपाई कला नान्दना ब्लाक प्रिंट्स की 12 विभिन्न प्रक्रियाओं का सजीव प्रदर्शन भी किया गया

शिल्प बाज़ार में ट्राईफेड के ट्राइब्स इंडिया पेवेलियन में भी मध्यप्रदेश की गोंड पेंटिंग्स, महेश्वरी साड़ियां और भील आभूषण प्रदर्शित किये गए और  वर्ष 2023 के पद्मश्री पुरस्कार विजेता श्री परेश राठवा कि  भील, भिलाला, नायक और राठवा जनजातियों की अनुष्ठानिक पिथौरा पेंटिंग का सजीव प्रदर्शन भी किया गया ।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile