ग्वालियर: रबी सीजन में 2.05 लाख हेक्टेयर में बोवनी का लक्ष्य, 48,744 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध
29 अक्टूबर 2026, ग्वालियर: ग्वालियर: रबी सीजन में 2.05 लाख हेक्टेयर में बोवनी का लक्ष्य, 48,744 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध – मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में मौजूदा रबी वर्ष 2026-27 में 2 लाख 5 हजार 820 हेक्टेयर रकबे में बोवनी का लक्ष्य रखा गया है। किसान भाई समय से बोवनी कर सकें, इसके लिये उन्हें खाद व बीज उपलब्ध कराने के लिये पुख्ता व्यवस्था बनाई गई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास, सहकारिता, उद्यानिकी व खेती से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों को बोवनी के लिये किसानों को उचित सलाह देने को कहा है।
उन्होंने ई-टोकन व्यवस्था के तहत किसानों को पारदर्शिता के साथ सुचारू रूप से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास भानु प्रकाश शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में इस साल के रबी मौसम में 01 लाख 40 हजार हेक्टेयर रकबे में गेहूँ की बोवनी का लक्ष्य रखा गया है।
48,744 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध
इसी तरह 54 हजार 800 हेक्टेयर में सरसों, 3 हजार 800 हेक्टेयर में चना, 3 हजार 300 हेक्टेयर में मटर, 3 हजार 20 हेक्टेयर में गन्ना, 400 हेक्टेयर में मसूर, 300 हेक्टेयर रकबे में जौ एवं 200 हेक्टेयर रकबे में गन्ना फसल लगाने लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 24 अक्टूबर तक के स्टॉक के अनुसार ग्वालियर जिले में वर्तमान में रबी फसलों के लिये 48 हजार 744 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध हैं।
इनमें 19 हजार 751 मीट्रिक टन यूरिया, 11 हजार 365 मीट्रिक टन एनपीके, 8 हजार 24 मीट्रिक टन डीएपी, 9 हजार 265 मीट्रिक टन एसएसपी व 339 मीट्रिक टन एसओपी शामिल हैं। किसान भाईयों को डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके उर्वरक का उपयोग करने की सलाह दी गई है। एनपीके में डीएपी से ज्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं। एनपीके के उपयोग से अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


