राज्य कृषि समाचार (State News)

मिर्च की खेती से गुना का किसान बना ‘लखपति’, सिर्फ 1 एकड़ में कमाए 5 लाख रुपए; जानिए कैसे    

13 सितंबर 2026, भोपाल: मिर्च की खेती से गुना का किसान बना ‘लखपति’, सिर्फ 1 एकड़ में कमाए 5 लाख रुपए; जानिए कैसे – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने गुना जिले के बमोरी विकासखंड के ग्राम बींदाखेड़ी पहुंचकर प्रगतिशील किसान बबलू किरार के खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने किसान से मिर्च, शिमला मिर्च और गेंदे की खेती, फसल चक्र, उत्पादन, लागत, बाजार भाव और मुनाफे की जानकारी ली। जिले के किसान बबलू किरार ड्रिप, मल्चिंग और फर्टिगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों से मिर्च की खेती कर रहे हैं। इससे उन्हें एक एकड़ में करीब 5 लाख रुपए तक शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। इस दौरान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल भी मौजूद रहे।

2 एकड़ में मिर्च और 2 एकड़ में शिमला मिर्च

प्रगतिशील किसान बबलू किरार पिछले छह वर्षों से मिर्च की खेती कर रहे हैं। वर्तमान में वे 2 एकड़ में हरी मिर्च, 2 एकड़ में शिमला मिर्च और 4 एकड़ में गेंदे की खेती कर रहे हैं। उन्होंने संभागीय आयुक्त खत्री को बताया कि ड्रिप और मल्चिंग के साथ हाइब्रिड मिर्च की खेती में करीब 1.50 लाख रुपए प्रति एकड़ लागत आती है। इससे औसतन 180 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त होता है। 35 से 40 रुपए प्रति किलो के औसत भाव पर एक एकड़ से करीब 6.50 लाख रुपए का उत्पादन होता है। लागत निकालने के बाद लगभग 5 लाख रुपए तक शुद्ध आय प्राप्त हो सकती है।

फसल विविधीकरण से घटा खेती का जोखिम

किसान बबलू किरार ने बताया कि मिर्च और शिमला मिर्च के साथ गेंदे की खेती को फसल चक्र और कीट प्रबंधन की दृष्टि से अपनाया गया है। फसल विविधीकरण से किसी एक फसल पर निर्भरता कम होती है और खेती का जोखिम भी घटता है। खेत में ड्रिप, मल्चिंग, फर्टिगेशन और वैज्ञानिक कीट प्रबंधन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। इन तकनीकों के माध्यम से किसान मिर्च उत्पादन को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

1000 एकड़ में किसानों को दे रहे तकनीकी जानकारी

बबलू किरार खुद आधुनिक तकनीकों से खेती करने के साथ बमोरी क्षेत्र में करीब 1000 एकड़ में किसानों को मिर्च उत्पादन की तकनीकी जानकारी भी दे रहे हैं। उनका मॉडल है- “देखो, सीखो और सीखकर करो।” किसान अब अपने खेत पर नेट हाउस तैयार कर मिर्च की पौध तैयार करने और उसकी बिक्री शुरू करने की तैयारी भी कर रहे हैं।

कलेक्टर ने किसान के प्रयासों की सराहना की

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने प्रगतिशील किसान बबलू किरार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुना जिले में किसान परंपरागत खेती के साथ आधुनिक और उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ड्रिप, मल्चिंग, फर्टिगेशन, फसल चक्र और वैज्ञानिक कीट प्रबंधन जैसी तकनीकों को अपनाकर किसान कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं। बबलू किरार खुद आधुनिक तकनीक अपनाने के साथ दूसरे किसानों को भी तकनीकी जानकारी दे रहे हैं, जो सराहनीय है।

कलेक्टर ने कहा कि ऐसे किसानों के प्रयासों से अन्य किसान भी प्रेरित होकर उद्यानिकी फसलों को अपनाएंगे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, उप संचालक उद्यान श्री केपीएस किरार सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture