राज्य कृषि समाचार (State News)

कम वर्षा को देखते हुए रबी में कम पानी वाली फसलों को दें प्राथमिकता

16 सितंबर 2026, भोपाल: कम वर्षा को देखते हुए रबी में कम पानी वाली फसलों को दें प्राथमिकता –कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आत्मा योजना अंतर्गत शनिवार को विकासखंड महिदपुर के ग्राम मकला में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कृष्णाबाई शिवनारायण सूर्यवंशी की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी में संयुक्त संचालक कृषि श्री आर.पी.एस. नायक विशेष अतिथि तथा उपसंचालक कृषि एवं परियोजना संचालक आत्मा श्री के.एस. कैन की उपस्थिति रही।

संगोष्ठी में किसानों को वर्तमान कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रबी मौसम की तैयारियों एवं फसल चयन के संबंध में महत्वपूर्ण तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए किसानों को आगामी रबी मौसम में कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को प्राथमिकता देने तथा फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के महत्व की जानकारी देते हुए इसे समय पर अपडेट कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक का अग्रिम उठाव करने की प्रक्रिया एवं इसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। कृषि अधिकारियों ने कहा कि बदलती मौसम परिस्थितियों में किसानों को पारंपरिक फसल पद्धति के साथ-साथ फसल विविधीकरण, उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाना चाहिए। इससे कृषि में जोखिम कम करने के साथ उत्पादन एवं आय को स्थिर रखने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री किशोर माली, क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी श्री भूपसिंह सेमिल, बीटीएम श्री दयाराम चांदना, श्री राजेश चौहान, श्री शुभम पटेल सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। संगोष्ठी में किसानों ने कृषि से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर अधिकारियों से चर्चा कर मार्गदर्शन प्राप्त किया I


आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture