एल-नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए किसान 31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा
16 जुलाई 2026, भोपाल: एल-नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए किसान 31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा – वर्ष 2026 में अल-नीनो (El Niño) के संभावित प्रभाव के कारण अनियमित वर्षा, सूखा, अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका को देखते हुए किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने किसानों से समय रहते अपनी खरीफ फसलों का बीमा कराने की अपील की है।
विभाग ने कहा है कि सभी किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी अधिसूचित खरीफ फसल का बीमा 31 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से करा लें। फसल बीमा किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, प्रतिकूल मौसम, सूखा, बाढ़, अतिवृष्टि तथा अन्य जोखिमों से होने वाली आर्थिक हानि से सुरक्षा प्रदान करता है।
किसान कल्याण विभाग के अनुसार बदलते जलवायु परिदृश्य और अल-नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए मौसम की अनिश्चितता बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में फसल बीमा किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगा और विपरीत परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करेगा।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने निकटतम बैंक, सहकारी समिति, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अधिकृत माध्यम से समय पर फसल बीमा कराएं, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में योजना का लाभ मिल सके।
कृषि विभाग ने किसानों से मौसम संबंधी सलाह का पालन करने, वैज्ञानिक खेती अपनाने और फसल सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय करने का भी आग्रह किया है, जिससे खरीफ फसल को संभावित जोखिमों से बचाया जा सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

