राज्य कृषि समाचार (State News)

लंबित जांच से रुका था किसानों का कर्ज, अब ‘कवच योजना’ से खुलेगा नए ऋण का रास्ता; 5 हजार किसानों को लाभ  

18 अगस्त 2026, भोपाल: लंबित जांच से रुका था किसानों का कर्ज, अब ‘कवच योजना’ से खुलेगा नए ऋण का रास्ता; 5 हजार किसानों को लाभ – मध्य प्रदेश सरकार ने सहकारी समितियों से जुड़े उन किसानों को राहत देने के लिए ‘कवच योजना’ को मंजूरी दी है, जिनके ऋण खातों में हुई गड़बड़ियों की जांच लंबित होने के कारण नए कृषि ऋण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी आ रही थी। योजना से करीब 5 हजार किसान लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 4 अगस्त 2026 को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में सहकारिता विभाग की ‘कवच योजना’ को मंजूरी दी गई। सरकार का कहना है कि किसी जांच या प्रक्रिया के लंबित रहने का असर किसानों की खेती और आजीविका पर लंबे समय तक नहीं पड़ना चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रभावित किसानों को दोबारा संस्थागत ऋण व्यवस्था से जोड़ने की पहल की गई है।

नए कृषि ऋण का खुलेगा रास्ता

‘कवच योजना’ के तहत प्रभावित किसानों के लिए नए ऋण की सुविधा का रास्ता बनाया जाएगा। इसके लिए अपेक्स बैंक और जिला सहकारी बैंक अपने स्तर पर कुल 50 करोड़ रुपये तक की विशेष निधि का निर्माण करेंगे। इसके अलावा राज्य सरकार किसानों के हित में 25 करोड़ रुपये की एकमुश्त अंशपूंजी सहायता उपलब्ध कराएगी।

योजना के जरिए किसानों को फिर से सहकारी बैंकिंग प्रणाली और संस्थागत ऋण व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे बीज, खाद, कृषि यंत्र, सिंचाई और अन्य कृषि गतिविधियों के लिए समय पर पूंजी की व्यवस्था कर सकें।

महंगे कर्ज पर निर्भरता होगी कम

सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर संस्थागत कृषि ऋण उपलब्ध कराकर खेती-किसानी की गतिविधियों को निर्बाध बनाए रखना है। इससे किसानों को कृषि जरूरतों के लिए महंगे कर्ज पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्हें शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने का अवसर भी मिल सकेगा।

किसान कल्याण वर्ष में बड़ा फैसला

मध्य प्रदेश सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। सरकार का जोर किसानों की आमदनी बढ़ाने, आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने और खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने पर है। इसी क्रम में ‘कवच योजना’ को प्रभावित किसानों के लिए आर्थिक गतिविधियों को दोबारा गति देने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।

इसके साथ ही प्रदेश में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है। 15 जुलाई से शुरू हुआ यह महोत्सव 13 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके दौरान किसानों को जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, मौसम आधारित सलाह, मृदा परीक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ड्रोन तकनीक और फसल विविधीकरण जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जा रही है I

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture