राज्य कृषि समाचार (State News)

हरियाणा में किसानों को कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान

पराली जलाने पर रोक और पर्यावरण संरक्षण की पहल; 3 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

22 जुलाई 2026, चंडीगढ़: हरियाणा में किसानों को कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान – पर्यावरण संरक्षण और पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन के लिए उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों की खरीद पर किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके लिए किसानों से 3 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इन कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान

वायु प्रदूषण को रोकने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन में सुविधा देने के उद्देश्य से व्यक्तिगत श्रेणी के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर वित्तीय सहायता दी जाएगी। इनमें— सुपर एसएमएस
हैप्पी सीडर और सुपर सीडर
स्ट्रॉ चॉपर, श्रेडर और मल्चर
रिवर्सिबल एमबी प्लाऊ
जीरो टिल सीड ड्रिल
स्ट्रॉ बेलर और रेक
क्रॉप रीपर
ट्रैक्टर माउंटेड लोडर
ट्रैक्टर चालित टेंडर मशीन शामिल हैं।

आवेदन के लिए आवश्यक पात्रता और दस्तावेज

योजना का लाभ लेने के लिए किसान का ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान दस्तावेज, पैन कार्ड, बैंक खाते की पासबुक तथा ट्रैक्टर का वैध पंजीयन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए जाति प्रमाण-पत्र भी आवश्यक होगा। इसके अलावा आवेदक को शपथ-पत्र देना होगा कि वह अपने खेत में फसल अवशेष अर्थात पराली नहीं जलाएगा। साथ ही यह भी प्रमाणित करना होगा कि पिछले तीन वर्षों में उसके परिवार के किसी भी सदस्य ने संबंधित कृषि यंत्र पर अनुदान का लाभ नहीं लिया है।

हरियाणा सरकार की इस पहल से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के साथ-साथ पराली प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा और वायु प्रदूषण की समस्या को कम करने में भी सहायता मिलेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture