राज्य कृषि समाचार (State News)

वारासिवनी के कृषि केंद्र में समाप्ति तिथि के कीटनाशक मिले

जब्त कीटनाशकों को नष्ट किया जाएगा

01 जुलाई 2026, बालाघाटवारासिवनी के कृषि केंद्र में समाप्ति तिथि के कीटनाशक मिले – किसानों के साथ धोखाधड़ी रोकने और कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  गत दिनों वारासिवनी में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्री कार्तिकेय जायसवाल के नेतृत्व में राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख ‘रूसिया कृषि केंद्र’ का औचक निरीक्षण किया।

अनियमितता पाए जाने पर सख्त रुख – निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने कृषि केंद्र में उपलब्ध धान के बीज, विभिन्न कीटनाशकों के स्टॉक पंजी (रजिस्टर), व्यवसायिक लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान केंद्र में कुछ कीटनाशक ऐसे पाए गए जिनकी ‘एक्सपायरी डेट’ (समाप्ति तिथि) निकल चुकी थी। प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल प्रभाव से सभी एक्सपायरी कीटनाशकों को जब्त कर लिया है। टीम ने स्पष्ट किया है कि किसानों के स्वास्थ्य और फसल की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नष्ट करने की कार्रवाई  –   एसडीएम श्री कार्तिकेय जायसवाल ने जानकारी दी कि जब्त किए गए कीटनाशकों को नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कृषि विभाग को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

जांच टीम में रहे शामिल-  इस औचक निरीक्षण कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम में प्रमुख रूप से एसडीएम श्री कार्तिकेय जायसवाल, तहसीलदार श्री सुरेश उपाध्याय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा टेंभरे उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की टीम भी निरीक्षण प्रक्रिया में पूरी तरह शामिल रही।

किसानों के लिए संदेश –   प्रशासन ने इस कार्रवाई के माध्यम से सभी कृषि विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और एक्सपायरी सामग्री का विक्रय कतई न करें। साथ ही, किसानों से भी अपील की गई है कि वे कीटनाशक या खाद खरीदते समय हमेशा एक्सपायरी डेट जरूर जांचें और पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें।  इस कार्रवाई से कृषि आदान विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है और भविष्य में इस प्रकार की और भी जांच की संभावना जताई जा रही है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture