खाद के अग्रिम उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें- एसडीएम नर्मदापुरम
28 जून 2026, नर्मदापुरम: खाद के अग्रिम उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें- एसडीएम नर्मदापुरम – तहसील सिवनी मालवा क्षेत्र की सभी सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक एसडीएम श्री विजय राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में किसानों को खाद (उर्वरक) के अग्रिम उठाव के लिए प्रोत्साहित करने तथा खाद वितरण व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम श्री विजय राय ने बताया कि कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में जिले में खाद की उपलब्धता एवं वितरण के लिए सुदृढ़ व्यवस्था बनाई गई है। सोसायटियों, डबल लॉक केंद्रों तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें खाद प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े। बैठक में समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के किसानों को खाद के अग्रिम उठाव के लिए प्रेरित करें तथा ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से समय पर बुकिंग कराकर खाद प्राप्त करने के लिए जागरूक करें। शासन द्वारा लागू ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से खाद वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है, जिससे किसानों को सुविधा के साथ उर्वरक उपलब्ध हो सके।
श्री राय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी समितियों के सदस्यों के व्हाट्सएप समूह बनाए गए हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर मुनादी एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को अग्रिम उठाव के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व किसान प्रतिनिधियों एवं किसान संगठनों के साथ भी बैठक आयोजित कर अग्रिम बुकिंग एवं खाद उठाव के संबंध में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया था। बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में सिवनी मालवा क्षेत्र की सभी 23 समितियों में प्रतिदिन प्रति समिति 200 टोकन तथा डबल लॉक केंद्रों पर 300 टोकन बुक कराने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त निजी खाद विक्रय केंद्रों पर भी टोकन बुक कराए जा सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में वर्तमान में खाद की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
एसडीएम श्री विजय राय ने सभी समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि खाद वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा किसानों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे समय रहते अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद का अग्रिम उठाव करें, जिससे आगामी कृषि कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

